गाजियाबादः गलत दिशा में जा रही कार को रोकने पर सिपाही को पीटा, वर्दी फाड़ी
- कार सवार दबंगों ने ट्रैफिक पुलिस के सिपाही का गला घोंटा
- सिहानीगेट थाना पुलिस ने एक नामजद समेत कई के खिलाफ दर्ज की रिपोर्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गाजियाबाद में गलत दिशा में जा रही कार को रोकना ट्रैफिक पुलिस के सिपाही को भारी पड़ गया। कार सवार दबंगों ने उतरते ही सिपाही पर हमला कर दिया और गाली गलौज कर गला दबाया। विरोध करने पर सिपाही की वर्दी फाड़ दी।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी कार लेकर फारर हो गए। पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
हापुड़ रोड पर सेठ मुकुंद लाल इंटर कॉलेज के पास ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक पुलिस के सिपाही प्रदीप कुमार ने बताया कि शनिवार दोपहर बाद ढाई बजे एक फार्च्यूनर कार गलत दिशा से कॉलेज की ओर आ रही थी। उन्होंने चालान करने के लिए फोटो क्लिक किया।
आरोप है कि चालक तरुण त्यागी ने कार रोकी और बाहर निकलकर प्रदीप पर हमला बोल दिया। तरुण व उसके 3-4 साथियों ने गाली-गलौज कर लात-घूंसो से पीटना शुरू कर दिया। हंगामा होते देख लोग जुट गए, लेकिन कोई भी सिपाही को बचाने नहीं आया।
आरोपियों ने प्रदीप का गला घोटने की कोशिश की और वर्दी फाड़ दी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। सिहानीगेट थाना प्रभारी उमेश बहादुर सिंह ने बताया कि सरकारी काम में बाधा पहुंचाने, मारपीट करने और धमकी देने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर तरुण त्यागी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पहचान कर अन्य को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस पर पहले भी होते रहे हैं हमले
पुलिस पर यह पहला हमला नहीं है, जिले में लगातार हमले होते रहे हैं। पिछले दिनों नंदग्राम में पथराव करा दिया था। डासना क्षेत्र में दरोगा और सिपाही को पीटा था। विजयनगर थाना क्षेत्र में भी पुलिस पर पथराव कर दिया था।
कविनगर थाना क्षेत्र में बिल देने गए हेड कांस्टेबल पर पार्षद व उसके भाई ने हमला कर दिया था। इसके अलावा पुलिस के साथ छोटी बड़ी घटनाएं होती रही हैं। पुलिस ऐसी वारदातों को रोकने में नाकाम है।