रामलीला मैदान में गर्जना रैली: आज आएंगे 55 हजार किसान, प्रभावित हो सकता है ट्रैफिक, इन रास्तों पर जाने से बचें
जो लोग नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली व निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन और आईएसबीटी जाना चाहते हैैं वे पर्याप्त समय लेकर घर से निकलें। सार्वजनिक परिवहन सेवा का इस्तेमाल करें।
विस्तार
भारतीय किसान संघ की ओर से सोमवार को रामलीला मैदान में किसान गर्जना रैली आयोजित होगी। इसमें करीब 55 हजार किसान व अन्य लोगों के आने की संभावना है। किसान करीब 800 बसों व 4000 निजी गाड़ियों से आएंगे। ऐसे में रामलीला मैदान व आसपास के इलाकों में सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक ट्रैफिक बड़े पैमाने पर प्रभावित हो सकता है। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों को रामलीला मैदान की तरफ आने से बचने की सलाह दी है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की सेंट्रल रेंज के उपायुक्त चंद्र कुमार ने बताया कि महाराजा रणजीत सिंह मार्ग, मिंटो रोड गोलचक्कर, अजमेरी गेट, चमनलाल मार्ग, दिल्ली गेट, जेएलएन मार्ग, कमला मार्केट गोलचक्कर हमदर्द चौक तक, भावभूति मार्ग और पहाड़गंज चौक आदि प्वाइंट से ट्रैफिक परिवर्तित किया जाएगा।
यहां आवाजाही बंद की जा सकती है
बाराखंभा रोड से गुरुनानक चौक तक रणजीत सिंह फ्लाईओवर, कमला मार्केट गोलचक्कर से विवेकानंद मार्ग तक मिंटो रोड गोलचक्कर, दिल्ली गेट से गुरुनानक चौक तक जेएलएन मार्ग, गुरुनानक चौक से कमला मार्केट गोलचक्कर तक, चमन लाल मार्ग, आसफ अली रोड की तरफ अजमेरी गेट और झंडेवालान, देशबंधु गुप्ता रोड से अजमेरी गेट तक पहाड़गंज चौक।
लोग इन बातों का ध्यान रखें
जो लोग नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली व निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन और आईएसबीटी जा रहे हैं रेह पर्याप्त समय लेकर घर से निकलें। सार्वजनिक परिवहन सेवा का इस्तेमाल करें। पार्किंग में ही वाहन खड़े करें। अगर किसी को कोई संदिग्ध वस्तु दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।