कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता विकास चौधरी हत्याकांड के साजिशकर्ता व हरियाणा पुलिस के मोस्ट वांटेड अपराधी कौशल को विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने सोमवार तड़के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद गैंगस्टर कौशल से पुलिस ने पूछताछ की है जिसमें बड़े खुलासे हुए हैं। कुछ खुलासे विकास चौधरी हत्याकांड को लेकर भी हुए हैं...
खुलासाः गैंगस्टर कौशल ने इसलिए बनाया था कांग्रेस प्रवक्ता विकास चौधरी की हत्या का प्लान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गैंगस्टर कौशल ने एक करोड़ रुपये की रंगदारी नहीं देने पर ही कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता विकास चौधरी की हत्या करवाई थी। विकास चौधरी की हत्या के बाद से पुलिस दावा कर रही थी कि कौशल ने लेनदेन के विवाद में उसकी हत्या करवाई है, मगर सोमवार को अपनी पहले बताई थ्योरी से पुलिस पलट गई। सोमवार को कौशल की गिरफ्तारी के बाद पुलिस आयुक्त केके राव ने माना कि एक करोड़ की रंगदारी न देने के कारण ही कौशल ने विदेश में बैठकर अपने गुर्गों से कांग्रेसी नेता की हत्या कराई थी।
कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता विकास चौधरी की 27 जून को सेक्टर-9 की मार्केट में ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में कौशल का नाम सामने आया था। इससे पहले तक कौशल गुरुग्राम में ही सक्रिय था। विकास चौधरी की हत्या के बाद ही कौशल ने शहर के कई बड़े कारोबारियों को वाट्सएप पर वॉइस मेसेज भेजकर रंगदारी भी मांगी और न देने पर विकास चौधरी जैसा हाल करने की धमकी दी थी। प्रेसवार्ता के दौरान पुलिस आयुक्त केके राव ने बताया कि रंगदारी के लिए विकास और कौशल की बातचीत चल रही थी। इस दौरान मामला बिगड़ गया तो दोनों के बीच गाली-गलौच भी हुई थी।
इसके बाद विकास ने रंगदारी देने से मना कर दिया था। इस पर कौशल ने उसकी हत्या करवाने के लिए पूरा खेल सेट किया और 27 जून सुबह जब विकास चौधरी जिम जा रहा था तो उसके गेट पर कार में ही उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चलवा हत्या करवा दी थी। विकास हत्याकांड में इससे पहले पुलिस दावा करती आ रही थी कि कौशल और विकास चौधरी के बीच लेनदेन था और रुपये नहीं लौटाने पर ही कौशल ने उसकी हत्या करवाई थी। मगर आज पुलिस अपने बात से पलट गई।
फोन नंबर उपलब्ध करवाने वाले की भी होगी जांच
पुलिस आयुक्त केके राव ने बताया कि कौशल तक यहां के कारोबारियों के नंबर किसने और कैसे पहुंचाए थे, इसकी भी जांच करवाई जाएगी। यहां पर कौशल के कौन-कौन से गुर्गे सक्रिय हैं। इसके अलावा गुरुग्राम और रेवाड़ी में भी उसके गुर्गे हैं। पुलिस उनके बारे में भी पता लगा, उन्हें गिरफ्तार करेगी।