दिल्ली के इन दो मेट्रो स्टशनों पर हुआ वाई-फाई
दिल्ली मेट्रो ने नववर्ष पर यात्रियों को सुविधा देने के लिए राजीव चौक और कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन में वाई-फाई की सुविधा शुरू कर दी है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने इस योजना को ‘मेट्रो फाई’ का नाम दिया है।
तीस मिनट तक यात्री इस वाई-फाई का मुफ्त लाभ उठा सकता है लेकिन तीस मिनट के बाद उसे पैसे देने पड़ेंगे। हालांकि मुफ्त वाई-फाई की सुविधा दिन में एक यात्री को एक ही बार मिलेगी।
डीएमआरसी के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर कम्यूनिकेशन अनुज दयाल के मुताबिक, मेट्रो ने आरामदायक सफर के साथ-साथ यात्रियों को वाई-फाई की सुविधा से भी जोड़ दिया है।
लैपटॉप की स्क्रीन पर मेट्रो फाई का वेबपेज मिलेगा
यात्रियों को प्लेटफार्म और कॉनकोर्स एरिया में ही वाई-फाई की सुविधा मिलेगी। टोकन और स्मार्ट कार्ड के यात्री दोनों इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।
यात्री को फोन, लैपटॉप की स्क्रीन पर मेट्रो फाई का वेबपेज मिलेगा, यहां पर उनको अपना मोबाइल का रजिस्ट्रेशन करना पड़ेगा। मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से पासवर्ड मिलेगा।
मेट्रो प्रबंधन के मुताबिक, यात्रियों को विश्वविद्यालय, केंद्रीय सचिवालय व हौजखास मेट्रो स्टेशन में जल्द ही वाई-फाई की सुविधा मिलेगी।