{"_id":"92ff6853778d7c53e45dd4925df4fb99","slug":"free-lever-transplant-in-gb-pant-hospital-delhi-hindi-news-jn","type":"story","status":"publish","title_hn":"इस अस्पताल में हो रहा है फ्री लीवर ट्रांसप्लांट","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
इस अस्पताल में हो रहा है फ्री लीवर ट्रांसप्लांट
पवन कुमार/अमर उजाला, नई दिल्ली
Updated Thu, 02 Apr 2015 01:03 AM IST
वैसे मरीज जिन्हें चिकित्सकों ने लीवर प्रत्यारोपण कराने की सलाह दी है लेकिन वे पैसे की वजह से प्रत्यारोपण नहीं करा पा रहे हैं उनके लिए अच्छी खबर है। दिल्ली सरकार के जीबी पंत अस्पताल में न सिर्फ गरीब बल्कि सभी श्रेणियों के मरीजों का मुफ्त लीवर प्रत्यारोपण करने की व्यवस्था की गई है। संस्थान में पहला लीवर प्रत्यारोपण सफल होने के बाद यह निर्णय लिया गया है। संस्थान में दिल्ली की एक गरीब महिला का मुफ्त लीवर प्रत्यारोपण किया गया और उसे दो दिन पहले ही अस्पताल से छुट्टी दी गई है।
दिल्ली सरकार के गोविंद बल्लभ पंत इंस्टीट्यूट ऑफ पोस्ट ग्रैजुएट मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च में सभी श्रेणी के मरीजों का मुफ्त लीवर प्रत्यारोपण करने का निर्णय लिया गया है। प्रत्यारोपण के अलावा दवा पर आने वाला खर्च भी अस्पताल की ओर से ही वहन किया जाएगा। अस्पताल से मरीज की छुट्टी होने के बाद जो दवा लिखी जाएगी वह भी अस्पताल से ही देने की कोशिश की जा रही है। मालूम हो कि आमतौर पर लीवर प्रत्यारोपण कराने में एक मरीज को 15 से 20 लाख रुपये खर्च करने पड़ते हैं।
दिल्ली सरकार के स्वायत्त संस्थान इंस्टीट्यूट ऑफ लीवर एंड बैलियरी साइंसेज (आईएलबीएस) में भी लीवर प्रत्यारोपण के लिए करीब 14 लाख रुपये मरीज को खर्च करने पड़ते हैं। हालांकि यहां बीपीएल कार्ड धारकों को लीवर प्रत्यारोपण कराने के लिए कोई खर्च वहन नहीं करना पड़ता है।
जीबी पंत अस्पताल के जीआई सर्जरी विभाग के प्रमुख डॉ. अनिल अग्रवाल ने बताया कि संस्थान में सभी श्रेणी के मरीजों का मुफ्त लीवर प्रत्यारोपण किया जाएगा। यहां तक की दवा भी अस्पताल से ही दी जाएगी। उन्होंने बताया कि अभी भी संस्थान में कई मरीज लीवर प्रत्यारोपण कराने के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। पहले प्रत्यारोपण में अस्पताल के कर्मचारियों और प्रशासन का बहुत सहयोग मिला। उम्मीद है कि संस्थान में अब नियमित तौर पर लीवर का प्रत्यारोपण होगा। इसके लिए आधुनिक ऑपरेशन थियेटर का निर्माण किया गया है और संक्रमण से बचाव के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
पहला सफल प्रत्यारोपण, लखनऊ लाया गया था लीवर
दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में रहने वाली एक 40 वर्षीय महिला का लीवर प्रत्यारोपण 10 मार्च को किया गया। 30 मार्च को महिला को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। महिला का पति दिल्ली में रेहड़ी-पटरी लगाता है। इस मरीज के लिए लीवर लखनऊ के केजीएमसी से हवाई जहाज से लाया गया था। 32 वर्षीय युवक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसके बाद उसे केजीएमसी में भर्ती कराया गया था। वहीं उसे ब्रेन डेड घोषित किया गया इसके बाद उसके परिजनों ने अंगदान करने का निर्णय लिया था।