डरे सहमें दादरी के पांच परिवारों ने मस्जिद में गुजारी पूरी रात
जारचा कस्बे में खाकी वर्दी में आए हथियारबंद बदमाशों द्वारा पांच घरों में डकैती डालने के बाद जान से मारने की धमकी के चलते पीड़ित परिवारों ने शनिवार रात मस्जिद में रात गुजारी।
इधर, जारचा कोतवाली पुलिस ने डकैती का मामला चोरी में दर्ज किया है। दो दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस बदमाशों को नहीं पकड़ सकी है। इससे कस्बे के लोग डरे हुए हैं।
पुलिस क्षेत्राधिकारी अनुराग का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक जारचा कस्बे में खाकी वर्दी में करीब 10-12 हथियारबंद बदमाश शाहिद, युसुफ, यासीन, जाहिद और जानू के घरों में घुस आए।
जोया का गला दबाने की धमकी देकर कराया चुप
घरों में मौजूद सभी महिला-पुरुषों को बंधक बनाने के बाद बदमाश नगदी, जेवर और कीमती घरेलू सामान ले गए। बताया गया है कि वारदात के दौरान अफसाना, रहीसा, शबाना आदि ने जब विरोध किया तो बदमाशों ने बच्ची जोआ का गला दबाने की धमकी देकर उन्हें चुप करा दिया।
करीब दो घंटे तक डाका डालने के बाद बदमाशों ने पीड़ित परिवारों को धमकी दी कि अगर कोई पुलिस कार्रवाई कराई तो अगली रात जान से मार डालेंगे।
इसके बाद पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की, लेकिन कई घंटे तक पुलिस ने उनकी सुध ही नहीं ली। शनिवार रात पुलिस ने मामला चोरी में दर्ज किया। इधर, बदमाशों की धमकी से डरे लोगों ने शनिवार रात कस्बे में बनी मस्जिद में रात गुजारी।