{"_id":"5f01e2b78ebc3e431836d7af","slug":"fire-caught-in-transport-warehouse-in-sahibabad-ghaziabad","type":"story","status":"publish","title_hn":"गाजियाबादः ट्रांसपोर्ट के गोदाम में लगी भीषण आग, दमकल की 10 गाड़ियों ने पाया काबू","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
गाजियाबादः ट्रांसपोर्ट के गोदाम में लगी भीषण आग, दमकल की 10 गाड़ियों ने पाया काबू
Sun, 05 Jul 2020 07:54 PM IST
Vikas Kumar
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, साहिबाबाद
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, साहिबाबाद
Published by: Vikas Kumar
Updated Sun, 05 Jul 2020 07:54 PM IST
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
ज्ञानी बॉर्डर स्थित ट्रांसपोर्ट एरिया में रविवार दोपहर करीब 12.45 बजे एक ट्रांसपोर्ट के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग लगने के दौरान कई वाहनों से माल उतर रहा था। चालक और कर्मचारियों ने वाहनों को हटाया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। पुलिस और फायर ब्रिगेड की करीब दस गाड़ियों ने तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से गोदाम में रखा लाखों का सामान जल गया। गनीमत रही कि आग से किसी की जान नहीं गई। शार्ट सर्किट से आग लगने का अंदेशा जताया जा रहा है।
विज्ञापन
साहिबाबाद के ज्ञानी बॉर्डर स्थित निटको वाली गली में तरुण गुप्ता का पशुपति रोड कैरियर के नाम से एक ट्रांसपोर्ट का गोदाम है। यह गोदाम करीब एक हजार वर्ग मीटर में है। रविवार दोपहर करीब पौने एक बजे अचानक गोदाम में आग लग गई। देखते ही देखते आग गोदाम में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया।
विज्ञापन
कर्मचारियों ने आग की सूचना दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस को दी। सूचना पाकर सीएफओ सुनील सिंह, एफएसओ मामचंद बड़ गुर्जर वैशाली, कोतवाली, साहिबाबाद की करीब आठ गाड़ियों को मौके पर लेकर पहुंचे। आग लगने से गोदाम में रखे केमिकल के ड्रम धमाके से फटने लगे। इसके बाद नोएडा से भी दो गाड़ियों को बुलाया गया। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत कर आग पर दमकल कर्मियों ने काबू पाया।
विज्ञापन
आग लगने से गोदाम में रखी मशीनें, केमिकल, इलेक्ट्रॉनिक आइटम समेत लाखों रुपये का माल जल गया। आग से गोदाम के ऊपर पड़ा लोहे का टीनशेट भी नीचे आ गिरा। सीएफओ सुनील सिंह ने बताया कि आग से कोई हताहत नहीं हुआ है। दस गाड़ियों ने कई फेरे लगाकर आग पर काबू पाया है। संभवत: शार्ट सर्किट से आग लगने का कारण प्रतीत हो रहा है।
वॉलंटियर और लोगों ने की मदद
आग लगने के दौरान सिविल डिफेंस के वॉलंटियर और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पुलिस और दमकल कर्मियों के साथ आग बुझाने में मदद की। लोगों की मदद से पुलिस ने आसपास के गोदामों से कर्मचारियों को बाहर निकाल लिया। साथ ही आसपास खड़े सभी वाहनों को वहां से हटवा दिया। समय रहते दमकल कर्मियों ने दूसरे गोदामों तक आग पहुंचने से पहले ही काबू पा लिया। लोगों का कहना था कि जिस समय आग लगी थी, उस दौरान भी तीन से चार वाहनों से माल गोदाम पर उतारा जा रहा था। आग लगते ही चालक और कर्मचारी मौके से भागे।