ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर दिखे ओवरलोड वाहन तो दर्ज होगी दोहरी एफआईआर
ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर अगर कोई ओवरलेड वाहन दिखा तो उस पर दोहरी एफआईआर दर्ज की जाएगी। रविवार को फर्राटा भर रहे पांच ओवरलोड वाहन सीज कर दिए गए। इसमें माल की डिलीवरी देने व लेने वाले दोनों को नामजद किया जाएगा।
पुलिस ने साफ कहा है कि एक्सप्रेसवे पर ओवरलोड वाहन दिखाई दिया तो दोहरी एफआईआर दर्ज की जाएगी। इधर ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर रोक के बावजूद उद्घाटन से पूर्व वाहन दौड़ रहे हैं। रविवार को पुलिस ने अभियान चलाकर एक्सप्रेसवे से ऐसे 15 वाहनों के चालान काटे।
पुलिस ने चेतावनी दी है उद्घाटन से पहले पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर वाहन दिखा तो उसका चालान काटा जाएगा। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे का निर्माण अंतिम दौर में है। माना जा रहा है कि 26 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक्सप्रेसवे का उद्घाटन कर सकते हैं।
अभी एक्सप्रेसवे पर प्रवेश पर रोक है। इसके बावजूद धड़ल्ले से यहां वाहन दौड़ रहे हैं। पलवल हादसे के बाद ग्रेटर नोएडा पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए रविवार को दिन भर एक्सप्रेसवे पर चेकिंग अभियान चलाया। इसमें यहां दौड़ते मिले 15 वाहनों के चालान काटे गए ।
पुलिस के मुताबिक एक्सप्रेसवे अभी आमलोगों के लिए खोला नहीं गया है। इस पर वाहन न जाए इसके लिए अवरोध लगाए गए हैं। इसके बावजूद अवरोध हटाकर भारी व माल वाहक वाहन चालक एक्सप्रेसवे पर प्रवेश कर फर्राटा भरने लगते हैं।
सीओ ग्रेटर नोएडा, पीयूष कुमार सिंह ने कहा, उद्घाटन से पहले ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर अगर कोई वाहन चलता दिखाई देगा तो उसका चालान किया जाएगा। अगर, ओवरलोड वाहन दिखा तो उस पर माल की डिलीवरी देने वाले और लेने वाले दोनों को नामजद कर एफआईआर दर्ज की जाएगी।