गाजियाबाद: 200 वकीलों पर एफआईआर
गाजियाबाद कचहरी पुलिस चौकी में बृहस्पतिवार को कथित तालाबंदी और तोड़फोड़ के मामले में 200 अज्ञात अधिवक्ताओं के खिलाफ कविनगर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।
एसएसआई नरेंद्र कुमार शर्मा की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में अधिवक्ताओं पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धाराओं के अलावा 7 लॉ क्रिमिनल एमेंडमेंट एक्ट भी लगाया गया है।
उधर, एफआईआर के बाद वकीलों ने बेमियादी हड़ताल पर जाने के संकेत दिए हैं। शनिवार को होने वाली बैठक में इस पर फैसला लिया जाएगा।
थाने से शुरू हुआ था झगड़ा
अधिवक्ताओं पर आरोप है कि उन्होंने बृहस्पतिवार सुबह कचहरी पुलिस चौकी पर ताला जड़ दिया था और वहां रखी कुर्सी-मेज भी पलट दी थी। मेटल डिटेक्टर को भी उलट दिए गए।
सीओ द्वितीय अतुल यादव ने बताया कि इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। दूसरी ओर बार अध्यक्ष अनिल पंडित का कहना है कि पूर्व बार सचिव शशी त्यागी से कविनगर थाने में अभद्रता की गई थी।
इसकी शिकायत उन्होंने एसएसपी तक से की। कई बार बात भी हुई। अधिवक्ता सिर्फ इतना भर चाहते थे कि आरोपी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
वकीलों ने दी सफाई
कई दिन तक भी जब आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई तो वकीलों ने कचहरी में नारेबाजी की थी। तोड़फोड़ की किसी भी प्रकार की घटना से बार अध्यक्ष ने साफ इंकार किया है।
बार अध्यक्ष का स्पष्ट कहना है कि अगर एक भी अधिवक्ता को अनावश्यक रूप से परेशान किया गया या उसे झूठे मामले में फंसाने का प्रयास किया गया तो वकील भी कानूनी लड़ाई सुप्रीम कोर्ट तक लडेंगे।