AAP को एक और झटका, राखी पर दर्ज होगी FIR
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली के उत्तर पश्चिम लोकसभा सीट से आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी राखी बिड़लान के खिलाफ मंगोलपुरी थाने में आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज किया जाएगा।
चुनाव आयोग की ओर से मंगोलपुरी थाने को मामला दर्ज करने का निर्देश जारी किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चुनाव आयोग के निर्देश की कॉपी मिल चुकी है और मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
टोपी पहन कर मतदान करने का मामला
दरअसल, 10 अप्रैल को वोटिंग वाले दिन राखी बिड़लान मंगोलपुरी के बूथ पर अपना मत प्रयोग करने के लिए पहुंची। इस दौरान राखी ने पार्टी की टोपी पहन रखी थी।
टोपी पर स्लोगन व पार्टी का नाम लिखा था। मतदान केंद्र पर मौजूद लोगों ने इस पर आपत्ति जताई। बावजूद इसके राखी ने अपनी टोपी नहीं उतारी। इलाके के कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इसकी शिकायत चुनाव आयोग से कर दी। शिकायत मिलने के बाद आयोग ने निर्देश जारी कर उत्तर पश्चिमी निर्वाचन कार्यालय को इसकी जानकारी दी।
जिला निर्वाचन कार्यालय ने नोटिस जारी कर बिड़लान से एक सप्ताह के भीतर जवाब मांगा। सप्ताहभर बाद भी राखी की ओर से कोई जवाब नहीं मिलने पर बृहस्पतिवार को डीएम उदित प्रकाश ने मंगोलपुरी थाने को उनके खिलाफ आरपी एक्ट 130 के तहत मामला दर्ज करने का निर्देश जारी किया है।
लाइन तोड़ना भी बनी वजह!
आप की टोपी पहनकर मतदान करने के अलावा राखी बिड़लान पर यह भी आरोप है कि उन्होंने मतदान के लिए लगी सामान्य लाइन में खड़े होने की बजाय वीआईपी रंग दिखाया था। उन्होंने लाइन तोड़कर मतदान किया था।
इसके लिए कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इलेक्शन कमीशन से राखी बिड़लान की शिकायत की थी। हालांकि इलेक्शन कमीशन ने राखी बिड़लान पर एफआईआर दर्ज करने का निर्देश उनके टोपी पहन कर मतदान करने के लिए जारी किया है।