दोहरे हत्याकांड से दहली दिल्ली: नबी करीम में पिता-पुत्र की गला रेतकर हत्या, दो दिन पुराने नौकर ने काटी गर्दन
Delhi Double Murder: पुलिस के मुताबिक गली नंबर-6, आराकशा रोड, वुडलैंड होटल के सामने नबी करीम इलाके में अनुज अपना ढाबा चलाता था। इसके परिवार में पत्नी रीमा के अलावा एक बेटा अनुज, पांच साल की बेटी और बुजुर्ग मां कलावती है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मध्य दिल्ली के नबी करीम इलाके में शनिवार दोपहर दोहरे हत्याकांड की खबर के बाद सनसनी फैल गई। आराकशा रोड पर मौजूद ढाबे की पहली मंजिल स्थित कमरे में पिता-पुत्र मृत मिले। दोनों की गला रेतकर बेरहमी से हत्या की गई थी। मृतकों की शिनाख्त अनुज सिंह (35) और उसके बेटे रौनक (8) के रूप में हुई है।
शनिवार दोपहर के समय अनुज की पत्नी और मां ढाबे पर पहुंची तो वारदात का पता चला। सूचना मिलते ही जिले के आलाधिकारी मौके पर पहुंच गए। क्राइम टीम के अलावा एफएसएल को मौके पर बुला लिया गया। शुरुआती जांच के बाद पुलिस आशंका जता रही है कि वारदात को अनुज के कर्मचारी ने ही अंजाम दिया है।
पुलिस को कर्मचारी के खिलाफ अहम सुराग मिले हैं। पुलिस ने औपचारिकताएं पूरी करने के बाद अनुज और रौनक का शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। पुलिस आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से मामले की छानबीन कर रही है। अनुज के पड़ोसियों का बयान लेकर मामले की पड़ताल की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक गली नंबर-6, आराकशा रोड, वुडलैंड होटल के सामने नबी करीम इलाके में अनुज अपना ढाबा चलाता था। इसके परिवार में पत्नी रीमा के अलावा एक बेटा अनुज, पांच साल की बेटी और बुजुर्ग मां कलावती है। ग्राउंड फ्लोर पर ढाबा है जबकि पहली मंजिल पर बने कमरे में परिवार रहता था।
दो दिन पूर्व ही अनुज ने ढाबे पर काम के लिए सोनू नामक एक कर्मचारी का रखा था। वह रोटी-सब्जी बनाने के अलावा बर्तन धोना और साफ सफाई भी करता था। कुछ दिनों पूर्व अनुज ने द्वारका इलाके मोहन गार्डन में अपना मकान खरीदा था। शुक्रवार को अनुज की मां कलावती और पत्नी रीमा बेटी को लेकर मोहन गार्डन चले गए।
ढाबे पर अनुज और उसका बेटा रुक गया। सोनू भी काम के बाद ढाबे पर ही सोता था। इस बीच शनिवार दोपहर करीब 2.00 बजे रीमा, उसकी सास व बेटी वापस घर पहुंचे ढाबे का शटर अंदर से बंद था। रीमा ने शटर खटखटाकर उसे खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन शटर नहीं खुला। करीब 30 मिनट खटखटाने के बाद रीमा पड़ोस से सीढ़ी लाई।
वह खुद सीढ़ी लगाकर पहली मंजिल स्थित कमरे पर पहुंची तो उसके होश उड़ गए। जमीन पर पत्नी का खून से लथपथ शव पड़ा था। बेड के दूसरी ओर बेटे का भी शव खून से लथपथ पड़ा था। रोती हुई रीमा नीचे आई और उसने शोर मचा दिया। दोपहर 2.45 बजे मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन के बाद शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेजा। शुरुआती जांच के बाद पुलिस आशंका जता रही है कि लूटपाट या झगड़े की वजह से सोनू ने पिता-पुत्र को मौत के घाट उतारा। पुलिस ने मामले की जांच के लिए आधा दर्जन टीमों का गठन कर दिया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।
शव देखकर बदहवास हुई रीमा
काफी देर खटखटाने के बाद जब अंदर से बंद शटर नहीं खुला तो रीमा को लगा कि शायद पति व बेटा कमरे में सो रहे हैं, लेकिन जैसे ही वह ऊपर कमरे में पहुंची तो शव देखकर सुधबुध खो बैठी। बदहवास रीमा जोर-जोर से चिल्लाने लगी। इसके बाद लोगों ने उसे किसी तरह नीचे उतारा। वहीं, अनुज की मां कलावती बार-बार बेहोश हो रही थीं। पड़ोसी उन्हें समझाने का प्रयास कर रहे थे।
रोते हुए रीमा ने बताया कि काश शुक्रवार को वह बेटे को भी साथ ले जाती तो वह बच जाता। रौनक भी मां और दादी के साथ जाने की जिद कर रहा था। जानबूझकर अनुज ने बेटे को जाने नहीं दिया और अपने पास रोक लिया। अब घर में अनुज का वंश समाप्त हो गया। एक अन्य परिजन ने बताया कि दो दिन पूर्व ही एक जानकार की मदद से अनुज ने सोनू को काम के लिए रखा था। घटना के बाद से वह फरार है। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से उसके खिलाफ अहम सुराग भी मिले हैं।
घर से क्या सामान गायब है, इसका पता नहीं चल पाया है। फिलहाल रीमा और कलावती बयान देने की हालत में नहीं हैं। मामले की जांच कर रहे अधिकारी ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पहली मंजिल का छज्जा कूदकर फरार हो गया। पुलिस की आधा दर्जन टीमें बस अड्डा, रेलवे स्टेशनों समेत दूसरे स्थानों पर छापे मार रही हैं। जांच में पता चला है कि सोनू मोबाइल नहीं रखता था।