Farmers Protest: श्रीगंगानगर से दिल्ली पहुंची ट्रेन से उतरे किसान तो मची अफरातफरी, सभी को हिरासत में लिया
शंभू सीमा पर उपद्रव को देखते हुए राजधानी में संबंधित एजेंसियों ने जांच तेज कर दी है। सिंघु, टीकरी, औचंदी व गाजीपुर समेत सभी सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त है।
विस्तार
किसानों के दिल्ली कूच की आशंका के बीच बृहस्पतिवार दोपहर सराय रोहिल्ला स्टेशन पर अफरातफरी मच गई। राजस्थान से आने वाली एक ट्रेन से नौ किसान रेलवे स्टेशन पहुंच गए। किसानों को देखते ही आनन-फानन में स्टेशन पर तैनात सुरक्षाकर्मी हरकत में आए और सभी को हिरासत में ले लिया। जीआरपी थाने में लाकर काफी देर तक पूछताछ की गई। इसके बाद सभी को दोपहर बाद श्रीगंगानगर जाने वाली ट्रेन से रवाना कर दिया गया।
दरअसल, शंभू सीमा पर उपद्रव को देखते हुए राजधानी में संबंधित एजेंसियों ने जांच तेज कर दी है। सिंघु, टीकरी, औचंदी व गाजीपुर समेत सभी सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त है। साथ ही, रेलवे स्टेशनों पर भी सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। इसी क्रम में सराय रोहिल्ला स्टेशन पर ट्रेन से प्रदर्शन में शामिल होने आए नौ किसानों को हिरासत में लिया गया। काफी देर तक पूछताछ के बाद उन्हें वापस भेज दिया गया।
रेलवे पुलिस अधिकारी ने बताया कि गाड़ी संख्या 12456 श्रीगंगानगर सुपरफास्ट एक्सप्रेस से नौ किसान सुबह 07:34 बजे प्लेटफार्म नंबर 2 पर उतरे। गश्त कर रहे जीआरपी कर्मियों ने उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में किसानों ने बताया कि वह जंतर-मंतर पर ईवीएम हटाओ देश, बचाओ प्रदर्शन में भाग लेने आए हैं। इसके बावजूद पुलिस को वह आश्वस्त नहीं कर सके। दोपहर बाद 2:30 बजे शकूर बस्ती रेलवे स्टेशन से श्रीगंगानगर जाने वाली गाड़ी संख्या 12481 से वापस भेज दिया गया।
वीडियो हुआ वायरल
सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन पर किसानों के पहुंचने की सूचना सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। बताया गया कि किसान प्रदर्शन करने दिल्ली पहुंच गए हैं। किसानों के हिरासत में लिए जाने का वीडियो भी वायरल हुआ। एक्स के साथ ही कई व्हाट्सएप समूहों में भी वीडियो साझा किया गया। बाद में हिरासत में लिए गए किसानों से पूछताछ में किसी और प्रदर्शन में शामिल होने की बात सामने आई तो एजेंसियों ने राहत की सांस ली।
दिल्ली कूच स्थगित होने पर भी सख्ती
दिल्ली पुलिस की बॉर्डर पर सख्ती रही। पिछले दिनों की तरह गाजीपुर में दो लेन से ट्रैफिक गुजारा गया। गुरुग्राम बॉर्डर पर जांच के बाद ही दिल्ली में प्रवेश की इजाजत दी गई। इससे बॉर्डर इलाके में जाम लगा रहा। वहीं, दिल्ली में भी चेकिंग होने से जगह-जगह वाहनों की रफ्तार धीमी रही। किसानों के दो दिनों तक दिल्ली कूच को स्थगित करने से बृहस्पतिवार को कुछ पुलिसकर्मियों को बॉर्डर से हटा दिया गया है, लेकिन सुरक्षा में कोई ढील नहीं दी गई। शनिवार से फिर से इनकी तैनाती की जाएगी।