{"_id":"6a7cac8bdc8fd8930a0b14cf","slug":"corporation-employees-staged-a-protest-at-the-headquarters-faridabad-news-c-26-1-fbd1021-77334-2026-08-12","type":"story","status":"publish","title_hn":"Faridabad News: निगम कर्मचारियों ने मुख्यालय पर किया प्रदर्शन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Faridabad News: निगम कर्मचारियों ने मुख्यालय पर किया प्रदर्शन
विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नगर निगम कर्मचारियों की राज्यव्यापी हड़ताल बुधवार को सातवें दिन भी जारी रही। नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर कर्मचारियों ने निगम मुख्यालय, बीके चौक पर प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। हड़ताल के कारण सफाई, सीवर, हॉर्टिकल्चर, इंजीनियरिंग समेत विभिन्न विभागों का फील्ड और कार्यालयी काम प्रभावित रहा। प्रदर्शन की अध्यक्षता सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान बलबीर सिंह बालगोहर ने की, जबकि संचालन यूनियन के सचिव महेंद्र कुड़िया ने किया। नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने कहा कि सरकार से किए गए समझौतों और वायदों को लागू नहीं किए जाने के कारण कर्मचारियों को आंदोलन करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी होने तक हड़ताल जारी रहेगी और आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 15 अगस्त को प्रदेश के सभी धरना स्थलों पर झंडारोहण किया जाएगा। इस दौरान सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस पर सफाई और सीवर कर्मचारियों की समस्याओं तथा अधिकारों को लेकर विचार गोष्ठियां भी आयोजित की जाएंगी। प्रदर्शन में राज्य उपाध्यक्ष कमला उपमा, सचिव सुनील चंडालिया, जिला प्रधान दिलीप सिंह बहोत, जिला सचिव अनिल चंडालिया समेत विभिन्न यूनियनों के पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
विज्ञापन