अरमान की खुली पोल: नहर में कूदकर जान देने का भेजा था वीडियो, अब फरीदाबाद में मिला, जानें क्यों उठाया ये कदम
जांच में सामने आया है कि ससुराल पक्ष को डराने के लिए कहानी रची थी। पत्नी से विवाद के चलते बाइक और मोबाइल नहर किनारे छोड़कर लापता हुआ था। पत्नी पर आत्महत्या की धमकी देकर डराने का आरोप लगाया है।
विस्तार
पत्नी और ससुराल पक्ष पर मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाकर नहर में कूदकर आत्महत्या करने का वीडियो भेजने वाला 24 वर्षीय अरमान फरीदाबाद में ही मिला। पूछताछ में उसने बताया कि पत्नी से चल रहे विवाद के चलते उसने ससुराल पक्ष को डराने के लिए नहर किनारे बैठकर वीडियो बनाया था। इसके बाद वह अपनी बाइक और मोबाइल वहीं छोड़कर चला गया था। पुलिस ने उसकी तलाश के लिए चार टीमें बनाई थीं। उधर, उसके नहर में कूदने की आशंका में एसडीआरएफ की टीम दो दिन तक आगरा नहर में तलाश अभियान चलाती रही। पुलिस ने उसे सकुशल तलाशकर परिजनों से मिला दिया है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि पूछताछ में अरमान ने बताया कि वह पत्नी के साथ चल रहे विवाद और घरेलू परेशानियों से तनाव में था। उसने आत्महत्या करने की योजना बनाई थी, लेकिन बाद में होने वाले बच्चे और अपने माता-पिता के बारे में सोचकर इस कदम से पीछे हट गया। उसने आरोप लगाया कि पत्नी भी उसे आत्महत्या करने की धमकी देकर डराती थी। एक बार पत्नी ने फिनाइल की बोतल हाथ में लेकर उसे पीने और जान देने की धमकी दी थी। अरमान को डर था कि पत्नी ने ऐसा कदम उठा लिया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी और उसे जेल जाना पड़ सकता है।
नौ महीने से कर्ज लेकर चला रहा था घर, चार लाख रुपये का कर्ज
अरमान ने बताया कि पिछले नौ महीने से वह कर्ज लेकर घर चला रहा था। इस दौरान उस पर करीब चार लाख रुपये का कर्ज हो गया। घरेलू विवाद और आर्थिक परेशानी के चलते वह मानसिक तनाव में था। पुलिस के अनुसार, वह पिछले 3-4 दिनों से फरीदाबाद में ही इधर-उधर घूम रहा था और ऑटो में बैठकर अलग-अलग जगह जाता रहा।
एक महीने पहले पत्नी ने भी दी थी शिकायत
पुलिस के अनुसार, करीब एक महीने पहले अरमान की पत्नी ने शिकायत दी थी कि वह आठ महीने की गर्भवती होने के बावजूद उसे छोड़कर मनाली चला गया था। इस पर पुलिस ने अरमान को समझाया था कि पत्नी की गर्भावस्था के दौरान उसे अकेला छोड़कर नहीं जाना चाहिए। अब पुलिस अरमान की काउंसलिंग करा रही है।
17 नवंबर को भेजा था वीडियो, दो दिन नहर में तलाशते रहे गोताखोर
मवई की गड्ढा कॉलोनी निवासी अरमान ने 17 नवंबर की सुबह करीब पांच बजे अपने पिता को व्हाट्सएप पर 3 मिनट 15 सेकंड का वीडियो भेजा था। इसमें उसने पत्नी और ससुराल पक्ष पर मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाते हुए नहर में कूदकर जान देने की बात कही थी। इसके बाद उसका फोन बंद हो गया था। मवई के पास कठपुला पर उसकी बाइक और मोबाइल मिला था। परिजनों की शिकायत पर खेड़ीपुल थाना पुलिस ने 19 नवंबर को प्राथमिकी दर्ज की थी। पुलिस ने एसडीआरएफ और गोताखोरों की मदद से आगरा नहर में दो दिन तक तलाश अभियान चलाया। बाद में पुलिस को अरमान के फरीदाबाद में ही होने की सूचना मिली और उसे खेड़ीपुल थाना क्षेत्र से शुक्रवार को करीब दस बजे सकुशल तलाश लिया गया।
