पूर्व आईएएस की पत्नी से लूट-मारपीट: महिला की गर्दन पर चाकू रखकर मारा थप्पड़, फ्लैट में आग लगाने की दी धमकी
दोनों आरोपी महिलाओं ने सविता के फ्लैट में आग लगाने की धमकी दी। मौके पर पहुंचे सोसाइटी के सुरक्षाकर्मी ने भी दोनों महिलाओं को रोकने का प्रयास किया। लेकिन दोनों नहीं रुकीं।
विस्तार
सेक्टर-137 स्थित गुलशन विवांते सोसाइटी में दो महिलाओं ने दिवंगत आईएएस की बुजुर्ग पत्नी से मारपीट की। वृद्धा की गर्दन पर चाकू रखकर थप्पड़ जड़ दिया। पीड़िता सविता त्यागी ने दोनों महिलाओं पर थप्पड़ मारने और चार तोले की सोने की चेन लूटने का आरोप लगाया है। सेक्टर-142 थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर फरीना और एक अन्य महिला पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि कॉमन एरिया में बैठने को लेकर दोनों पक्ष में विवाद हुआ था। फिलहाल सीसीटीवी फुटेज आदि खंगालकर मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस को दी शिकायत में गुलशन विवांते निवासी सविता त्यागी ने कहा है कि शुक्रवार दोपहर सोसाइटी के टावर सी के नीचे कॉमन एरिया के पार्क में वह कुर्सी पर बैठी थीं। तभी वहां एक महिला पहुंची। महिला ने उन्हें वहां से उठाने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी महिला ने धमकी देते हुए दीदी को बुलाने की बात कही। कुछ देर बाद सोसाइटी निवासी फरीना वहां पहुंची। आरोप है कि फरीना ने आते ही चाकू निकालकर सविता की गर्दन पर रख दिया। उसने गर्दन काटने की धमकी दी। फरीना ने उन्हें थप्पड़ जड़ दिया। उनकी सोने की चेन के अलावा फ्लैट की चाबी भी छीन ली।
दोनों महिलाओं ने सविता के फ्लैट में आग लगाने की धमकी दी। मौके पर पहुंचे सोसाइटी के सुरक्षाकर्मी ने भी दोनों महिलाओं को रोकने का प्रयास किया। लेकिन दोनों नहीं रुकीं। आरोप है कि दोनों महिलाओं ने लात मारकर सविता की कुर्सी गिराने का भी प्रयास किया। वहीं सेक्टर-142 थाना प्रभारी उत्तम कुमार का कहना है कि कॉमन एरिया में बैठने को लेकर पड़ोसी महिलाओं में विवाद हुआ है। फुटेज की जांच की जा रही है। इसमें अभी मारपीट आदि की बात सामने नहीं आई है।
बुजुर्ग महिला से मारपीट मामले में शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच के बाद इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। -विशाल पांडेय, एडीसीपी सेंट्रल जोन