AAP का टिकट पाने को हर कोई बेताब
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आम आदमी पार्टी (आप) ने लोकसभा चुनाव के लिए अभी टिकट की खिड़की खोली नहीं और दावेदारों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया है। टिकट हासिल करने के लिए स्थानीय स्तर पर भी कवायद तेज हो गई है। गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट के लिए अब तक 10 दावेदार ताल ठोक चुके हैं।
‘आप’ के जरिये देश की राजनीति में दाखिल होने का सपना देख रहे आम और खास लोग टिकट की लाइन में लगते दिख रहे हैं। जिन लोगों ने पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है उनमें से दो रिटायर्ड ब्रिगेडियर, चार इंजीनियर, किसान आंदोलनों से जुड़े नेता और बडे़ दलों के स्थानीय नेता शामिल हैं।
हालांकि, टिकट के लिए आवेदन ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत होना है, लेकिन दावेदारी में पीछे छूटने के डर से इन लोगों ने पार्टी की स्थानीय इकाई को बायोडाटा सौंप दिए हैं।
सूत्रों की मानें तो स्थानीय स्तर पर चल रही कवायद के साथ-साथ कई लोगों ने पार्टी के बड़े नेताओं से संपर्क साधने की जुगत लगानी शुरू कर दी है। बड़े दलों के कुछ जाने पहचाने चेहरे ऐसे भी हैं जो दल-बल के साथ इस दौड़ में शामिल होने का मन बना रहे हैं। ऐसे लोगों ने पार्टी की सदस्यता अभियान में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी शुरू कर दी है।
पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए जिन 309 जिलों को चुना है उनमें दिल्ली से सटा गौतमबुद्ध नगर शामिल है। चुनाव की तैयारियों को लेकर जिले में ब्लॉक स्तर पर चार कमेटियां गठित की गई हैं।
सदस्यता के लिए मची होड़
दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद ‘आप’ की सदस्यता हासिल करने के लिए होड़ सी मच गई है। अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि सदस्यता स्लिप का स्टॉक खत्म होने के कारण अभियान को बंद करना पड़ा है। पार्टी की स्थानीय इकाई के प्रभारी डीसी बेलवाल ने बताया कि अब तक आठ हजार से ज्यादा लोग सदस्य बन चुके हैं।