सम-विषम : अगले कदम का एलान आज करेंगे केजरीवाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली में सम-विषम योजना के भविष्य की घोषणा मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल बृहस्पतिवार को करेंगे। बुधवार को जनता से ऑनलाइन, मिस कॉल, मोहल्ला सभा और ईमेल के जरिये मिले सुझावों के मुख्य बिंदुओं पर मुख्यमंत्री ने चर्चा की।
करीब 20 सुझावों को अलग से छांटा गया है, जिस पर अंतिम निर्णय बाकी है। माना जा रहा है कि बोर्ड की परीक्षाएं खत्म होने के बाद ही सरकार इसे लागू करेगी। मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग से बोर्ड परीक्षा की तारीख, एनफोर्समेंट की तैयारी और परिवहन विभाग की तैयारी पर सवाल पूछे हैं।
परिवहन मंत्री गोपाल राय ने कहा कि यह तय है कि सम-विषम फिर लागू होगा। दुपहिया वाहनों को छूट भी रहेगी। गोपाल राय ने बताया कि सरकार को पिछली बार स्कूल संचालकों ने धोखा दिया था, इस बार उनकी मदद नहीं लेंगे।
सम-विषम लागू करने पर लोग दूसरी कार न खरीदें
वहीं सम-विषम लागू करने पर लोग दूसरी कार न खरीदें, इसे लेकर कोई ठोस सुझाव सरकार को अभी नहीं मिला है। दुपहिया वाहनों पर नियम लागू करने को लेकर गोपाल राय ने कहा है कि अभी उस तरह के संसाधन नहीं हैं।
रिंग रेलवे की फ्रीक्वेंसी बढ़ाने को लेकर जो पत्र आया है पॉजिटिव है। जल्द मंत्री से मिलेंगे और रेलवे एवं दिल्ली सरकार के अधिकारियों की टास्क फोर्स बनाएंगे।
रिंग रेलवे बनने से इसका फायदा मेट्रो फेज-4 से ज्यादा होगा। हालांकि यूपी व हरियाणा के एनसीआर हिस्से में सम-विषम लागू करने को लेकर जो पत्र लिखा था उसका कोई जबाव अभी नहीं आया है।
छूट के बावजूद जो पालन करे ऑड-इवन उसका हो सम्मान
गोपाल राय ने बताया कि एक सुझाव आया है कि जिन्हें सम विषम में छूट मिली है मगर फिर भी वह नियम का पालन करते हैं तो ऐसे लोगों को सरकार की तरफ से सम्मानित किया जाना चाहिए।
साथ ही महिलाओं की छूट बरकरार रखी जाए या खत्म की जाए, इस पर कोई एक राय नहीं बन पाई। वहीं ऑफिस टाइम बदलने को लेकर भी सुझाव आएं हैं, जिससे पीक आवर बदल जाएं।
दिल्ली सरकार ने सम-विषम का पहला चरण 1-15 जनवरी को लागू किया था, जिसमें नियम तोड़ने वालों पर दो हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया था। दूसरे चरण के लिए 1 फरवरी से 8 फरवरी तक ऑनलाइन, मिस कॉल, ईमेल और फोन कॉल से सुझाव मंगाए हैं। इसमें करीब 11 लाख सुझाव आए हैं।