पूरा एनडीएमसी क्षेत्र होगा वाई-फाई से लैस, परियोजनाओं के तहत लगेंगे पानी के एटीएम
-625 स्मार्ट पोल के जरिये मिलेंगी तमाम आधुनिक सेवाएं
-एनडीएमसी क्षेत्र में लगेंगे 57 बैटरी चार्जिंग स्टेशन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नई दिल्ली पालिका परिषद (एनडीएमसी) के चेयरमैन नरेश कुमार ने बताया कि एनडीएमसी का पूरा क्षेत्र अगले छह माह में वाई-फाई की सुविधा से लैस होगा। शुरुआती दौर में कनॉट प्लेस में 55 स्मार्ट पोल लगाए गए हैं। पूरे एनडीएमसी क्षेत्र में ऐसे 625 स्मार्ट पोल लगाए जा रहे हैं ताकि परिषद क्षेत्र के दायरे में वाई फाई की सुविधा हो। बिजली के स्मार्ट मीटर की तर्ज पर पानी के मीटर भी स्मार्ट बनाने की दिशा में प्रयास जारी है। जन्म- मृत्यु पंजीकरण की सुविधा अब ऑनलाइन उपलब्ध है जबकि कई सुविधाएं एप 311 पर भी उपलब्ध हैं।
मीडिया को संबंधित करते हुए एनडीएमसी के चेयरमैन ने बताया कि जल्द ही पूरे एनडीएमसी क्षेत्र में ऑप्टिकल फाइबर की सुविधा होगी। उन्होंने बताया कि जल्द ही एनडीएमसी क्षेत्र में 57 इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन तैयार किए जाएंगे। इनमें 5-6 ऐसे होंगे, जिनमें वैश्विक मानकों के मुताबिक तैयार बैटरी से संचालित होने वाले वाहनों के लिए भी चार्जिंग की सुविधा होगी। स्वच्छता के तहत किचन वेस्ट से बॉयो मेथनॉल तैयार किया जा रहा है तो दूसरी तरफ सौर ऊर्जा के जरिये भी ऊर्जा संरक्षण की दिशा में पहल की गई है।
इसके अलावा 11 मूर्ति फाउंटेन और लाइटिंग, मार्केट में एलईडी स्क्रीन, वाटर एटीएम, हैपनिंग एरिया, ग्रीन इनिशिएटिव, कैकट्स गार्डन, 11 सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, जीरो वेस्ट कॉलोनी, ओपन जिम, स्मार्ट टॉयलेट, स्मार्ट क्लासरूम, आयुष क्लीनिक, स्किल सेंटर, स्मार्ट पोल, 57 चार्जिंग स्टेशन, इलेक्ट्रिसिटी ग्रिड, वाटर मैनेजमेंट, यूनिक स्मार्ट एड्रेसिंग, ई- स्कूटर सहित अन्य सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत काम चल रहा है। खान मार्केट, सरोजनी नगर मार्केट, पंडरा रोड, चाणक्यपुरी और कनॉट प्लेस में 50 डिजिटल एलईडी पैनल लगाए गए हैं। इन पैनल पर मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, फ्री वाई फाई के अलावा अन्य सुविधाएं भी हैं।
स्किल सेंटर से उत्तीर्ण 76 फीसदी का हुआ प्लेसमेंट
चेयरमैन ने बताया कि मंदिर मार्ग स्थित स्किल सेंटर से स्वास्थ्य और सौर ऊर्जा से संबंधित पाठ्यक्रमों को पूरा करने के बाद 3890 विद्यार्थियों में से करीब 76 फीसदी का प्लेसमेंट हो चुका है। यहां से पास छात्राओं ने बताया कि उन्हें इस सेंटर में पढ़ाई का कितना फायदा हुआ।
स्कूलों के क्लासरूम हुए स्मार्ट
एनडीएमसी की स्कूलों में 444 कक्षाओं को स्मार्ट क्लासरूम की शक्ल दी जा चुकी है। कक्षाओं में स्मार्ट बोर्ड, प्रोजेक्टर और ई-लाइब्रेरी सहित अन्य सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं ताकि स्कूलों में शिक्षा संबंधी तमाम सुविधाएं मुहैया की जा सके।
स्मार्ट सिटी परियोजना पर 200 करोड़ रुपये का हो चुका है खर्च
स्मार्ट सिटी परियोजनाओं पर अब तक करीब 396 करोड़ रुपये किए जा चुके हैं। इसमें तहत मंत्रालय से 196 जबकि एनडीएमसी की ओर से किए अंशदान के तहत 200 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर कार्य किए गए।
पानी की गुणवत्ता के लिहाज से आरओ की नहीं है जरूरत
चेयरमैन ने बताया कि एनडीएमसी स्वास्थ्य क्षेत्र में भी बेहतर सुविधाएं मुहैया करवाने की दिशा में लगातार अग्रसर है। बिजली, पानी की उत्कृष्ट सेवा के अलावा पानी की गुणवत्ता का भी खास ध्यान रखा गया है। किसी भी घर के लिए आरओ की जरूरत नहीं है बल्कि आरओ के पानी का इस्तेमाल करने से लोगों में खनिज लवणों की कमी हो सकती है।