गाजियाबाद: भाजपा समेत आठ प्रत्याशियों ने आखिरी दिन किया नामांकन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लोकसभा सीट बुलंदशहर के लिए मंगलवार को भाजपा प्रत्याशी डॉ. भोला सिंह समेत आठ प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। पिछले दो दिनों में कुल 13 प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। भाजपा प्रत्याशी के नामांकन के दौरान जहां प्रदेश के शिक्षा राज्य मंत्री समेत काफी संख्या में समर्थक कलक्ट्रेट परिसर में पहुंचे थे। वहीं, अन्य प्रत्याशियों ने बेहद सादगी और शांति के साथ नामांकन किया। सुरक्षा के लिहाज से पूरा कलक्ट्रेट परिसर छावनी में तब्दील दिखाई दिया।
कलक्ट्रेट स्थित डीएम कोर्ट में मंगलवार को भाजपा प्रत्याशी डा. भोला सिंह ने पर्चा दाखिल किया। उसके बाद भारतीय बहुजन परिवर्तन पार्टी के सतीश कुमार नामांकन करने पहुंचे। इसी क्रम में निर्दलीय से मनोज कुमार, राधिका देवी, दौलत राम ने पर्चा दाखिल किया। इसके अलावा नेशनल भ्रष्टाचार मुक्ति पार्टी से रीना देवी, हिंदुस्तान निर्माण दल से दलवीर सिंह छौंकर और भारतीय समाज पक्ष से प्रमोद कुमार ने नामांकन किया।
वहीं सोमवार को नामांकन करने वाले कांग्रेस प्रत्याशी बंशी सिंह ने अपने नामांकन के दो अतिरिक्त सेट दाखिल करने मंगलवार को पहुंचे। दरअसल बंशी सिंह ने सोमवार को नामांकन के दौरान सिर्फ एक सेट ही प्रस्तुत किया था। नामांकन कक्ष में पांच-पांच के ग्रुप में प्रस्तावकों को प्रवेश दिया गया। एक समूह के बाहर आने पर दूसरे समूह को प्रवेश दिया गया। भाजपा प्रत्याशी डा. भोला सिंह ने जिलाधिकारी एवं रिटर्निंग आफिसर अभय सिंह के समक्ष नामांकन प्रस्तुत किया।
वहीं अन्य प्रत्याशियों ने उपजिला निर्वाचन अधिकारी/ एडीएम प्रशासन रविंद्र कुमार, सहायक रिटर्निंग अधिकारी/ एसडीएम सदर जेपी चौहान तथा सहायक निर्वाचन अधिकारी रामकुमार अत्रि की मौजूदगी में सुबह 11 बजे से सायं तीन बजे तक नामांकन की प्रक्रिया को पूरी की। बुलंदशहर लोकसभा सीट पर दूसरे चरण में होने वाले चुनाव के लिए 19 मार्च से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई थी। सोमवार को पांच प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल कर खाता खोला था। अंतिम तिथि 26 मार्च को 8 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। बुलंदशहर सीट के लिए नामांकन कर चुके 13 प्रत्याशी मैदान में ताल ठोकेंगे।
कड़ी सुरक्षा के बीच कराया गया प्रत्याशियों का नामांकन
मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच प्रत्याशियों को नामांकन कराया गया। इसके लिए कलक्ट्रेट गेट पर ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी और फोर्स तैनात कर दी गई थी। कलक्ट्रेट परिसर में जाने के लिए बाहरी लोगों को रोक दिया गया था। वाहन तो दूर पैदल आ रहे लोगों को भी अंदर नहीं घुसने दिया गया। शिकायत लेकर आए कई फरियादियों को मायूस होकर लौटना पड़ा। यहां तक की कवरेज करने के लिए कलक्ट्रेट परिसर में जाने के लिए मीडिया कर्मियों को भी मसक्कत करनी पड़ी।
मंत्री के आने पर नियम कानून का उड़ा मखौल
भाजपा प्रत्याशी डा. भोला सिंह के नामांकन के दौरान उनके समर्थन में प्रदेश के शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह के कलक्ट्रेट पहुंचने पर नियम कानून का जमकर मखौल उड़ा। जहां बाहरी आदमियों के आने पर रोक लगी हुई थी वहीं मंत्री के साथ काफी संख्या में कार्यकर्ता कलक्ट्रेट परिसर में घुस गए। यही नहीं मंत्री सीधे नगर मजिस्ट्रेट के कार्यालय में घुस गए और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ काफी देर तक वहीं बैठे रहे। इस दौरान उन्हें रोकने के लिए किसी भी अधिकारी ने जहमत नहीं उठाई।