पानी की किल्लत से जूझेंगे नोएडावासी: आपूर्ति में 25 फीसदी आएगी कमी, दिवाली तक रहेगी परेशानी, कम मिलेगा पानी
गंगनहर की सफाई के लिए हरिद्वार से गंगाजल की आपूर्ति बंद कर दी गई है। हरिद्वार से गाजियाबाद आने के बाद में गंगाजल को फिल्टर कर नोएडा में आपूर्ति की जाती है। अब दिवाली के बाद 13 से 14 नवंबर तक गंगाजल की आपूर्ति शुरू हो पाएगी।
विस्तार
गंगाजल आपूर्ति बंद की वजह से दिवाली तक पानी की किल्लत बनी रहेगी। त्योहार तक शहर में पानी की आपूर्ति में करीब 25 फीसदी की कमी रहेगी। इसे देखते हुए नोएडा प्राधिकरण ने प्रत्येक जलखंड को पानी की सप्लाई की जिम्मेवारी सौंपी है।
दरअसल, गंगनहर की सफाई के लिए हरिद्वार से गंगाजल की आपूर्ति बंद कर दी गई है। हरिद्वार से गाजियाबाद आने के बाद में गंगाजल को फिल्टर कर नोएडा में आपूर्ति की जाती है। अब दिवाली के बाद 13 से 14 नवंबर तक गंगाजल की आपूर्ति शुरू हो पाएगी। शहर में रोजाना करीब 400 मिलियन लीटर रोजाना (एमएलडी) पानी की मांग है। इसमें 200 एमएलडी गंगाजल और 200 एमएलडी ट्यूबवेल के पानी की आपूर्ति की जाती है। गंगाजल की आपूर्ति बाधित होने पर रेनीवेल और ट्यूबवेल से पानी की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।
फिलहाल 11 में से पांच रेनीवेल 60 फीसदी क्षमता के साथ चल रहे हैं। इनसे करीब 30 एमएलडी पानी की आपूर्ति की जा रही है। इसके अलावा करीब 400 ट्यूबेवल में से प्रत्येक से 0.8 एमएलडी पानी की आपूर्ति की जाएगी। इन सभी को मिलाकर पानी की सप्लाई का आंकडा 275 से 300 एमएलडी तक ही पहुंचेगा। वहीं जरूरत पड़ने पर प्राधिकरण के पास 5000 लीटर क्षमता के 11 टैंकर उपलब्ध कराएगा जलापूर्ति में शामिल अधिकारियों-कर्मचारियों को आपातकाल को छोड़कर किसी तरह की छुट्टी नहीं देने की बात अधिकारियों ने की है।
पानी के कम प्रेशर की आ सकती है शिकायत
दिवाली तक गंगाजल की आपूर्ति बाधित होने की सूरत में पानी के कम प्रेशर से आने की शिकायत मिल सकती है। संभव है कि पानी का प्रेशर इतना कम हो कि दूसरे या तीसरे तक पानी की आपूर्ति में बाधा आए। इसके अलावा ग्राउंड वाटर की सप्लाई होने की वजह से गंदे पानी की भी शिकायतें मिलेंगी।
गंगाजल की आपूर्ति बाधित होने की सूरत में प्राधिकरण लोगों को पानी की आपूर्ति में कमी नहीं होने देगा। रेनीवेल और ट्यूबेवल के माध्यम से पानी की आपूर्ति कराई जाएगी। आपातकाल में टैंकरों की भी व्यवस्था होगी। तीनों जलखंडों के अधिकारी जलापूर्ति में सहयोग करेंगे। - पीके कौशिक, जीएम, नोएडा प्राधिकरण