बुरी संगत से दूर रहने के लिए टोकने पर छोटे भाई ने की डीयू के असिस्टेंट प्रोफेसर की हत्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बुराड़ी इलाके में छोटे भाई ने डंबल से वारकर डीयू के असिस्टेंट प्रोफेसर की हत्या कर दी। पढ़ाई करने और बुरी संगत से बचने के लिए टोकने पर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। बाद में पुलिस को लूटपाट की झूठी कहानी सुनाकर गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन सख्ती से पूछताछ में वह टूट गया।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, मूलरूप से झांसी, उत्तर प्रदेश निवासी हितेश कुमार (29) छोटे भाई हिमांशु कुमार (24) के साथ बुराड़ी की बंगाली कॉलोनी में पहली मंजिल स्थित फ्लैट में किराये पर रहते थे।
हितेश के परिवार में माता-पिता, एक बड़ा भाई और दो शादीशुदा बहनें हैं। कुछ समय पूर्व ही हितेश की डीयू में संस्कृत के असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर नौकरी लगी थी। उनकी पोस्टिंग नेहरू नगर स्थित पीजीडीएवी कॉलेज में थी।
छोटा भाई हिमांशु, हितेश के पास ही रहकर डीयू के श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स से एमए संस्कृत की पढ़ाई कर रहा था। हितेश अक्सर हिमांशु को पढ़ाई करने के लिए टोकता और दोस्तों के साथ घूमने से मना करता था। इससे नाराज होकर दो बार हिमांशु घर भी छोड़ चुका था।
रविवार रात को भी हितेश ने हिमांशु को डांटा, जिसके बाद उसने भाई पर डंबल से हमला कर दिया। हिमांशु को मौत के घाट उतारने के बाद आरोपी ने डंबल को फ्लैट के पीछे नाले में फेंक दिया। पुलिस हिमांशु की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल डंबल बरामद करने का प्रयास कर रही है।
लूटपाट की झूठी कहानी सुनाकर गुमराह करने का प्रयास
हिमांशु ने सुबह होते ही अपने मकान मालिक शर्माजी को उठा दिया। उसने बताया कि रात के समय पांच बदमाश उसके घर में जबरन घुस गए थे। आरोपियों ने दोनों भाइयों को बंधक बना लिया।
हिमांशु ने जब इसका विरोध किया, तो बदमाशों ने उसे पहली मंजिल से नीचे फेंक दिया, जिससे वह बेहोश हो गया। इसके बाद क्या हुआ, उसे पता नहीं चला। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
हिमांशु से पूछताछ हुई, तो पुलिस को उसके बयानों पर शक हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। छानबीन में पुलिस को पता चला है कि आरोपी बहुत गुस्सैल है। पुलिस ने हितेश का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।