ड्रग्स की दलदल में फंसती दिल्ली!: बुराड़ी में मेथामफेटामाइन लैब का भंडाफोड़; मास्टर माइंड चिगमेजू जॉन गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जब पूछताछ की तो उसने बताया कि उसके कुछ साथियों ने बुराड़ी के वेस्ट कमल विहार में इसी तरह की लैब लगाई हुई थी। 23 फरवरी को उस लैब में धमाका हुआ।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली-एनसीआर में नाइजीरियाई नागरिकों ने मादक पदार्थ (हेरोइन, कोकीन समेत अन्य ड्रग्स) की लैब लगानी शुरू कर दी है। ग्रेटर नोएडा के बाद अब दिल्ली के बुराड़ी इलाके में मादक पदार्थ बनाने की लैब का खुलासा हुआ है। द्वारका जिले के एंटी नारकोटिक्स सेल ने एक नाइजीरियन को गिरफ्तार कर लैब का खुलासा किया है।
पकड़े गए आरोपी की पहचान चिगमेजू जॉन (29) के रूप में हुई है। आरोपी की निशानदेही पर 129 ग्राम तैयार ड्रग्स व 78.6 किलोग्राम ड्रग्स तैयार करने के केमिकल, मादक पदार्थ बनाने में इस्तेमाल होने वाली मशीनें और अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस चिगमेजू से पूछताछ कर इसके बाकी साथियों की तलाश कर रही है। छानबीन के दौरान चिगमेजू के तार वेस्ट कमल विहार, बुराड़ी में 23 फरवरी को हुए धमाके से जुड़ गए हैं। मादक पदार्थ बनाने के दौरान वेस्ट कमल विहार में धमाके में दो नाइजीरियन नागरिकों की जान चली गई थी। चिगमेजू मरने वाले क्रिश्चियन नामक व्यक्ति के संपर्क में था। उसके मोबाइल से क्रिश्चियन की फोटो भी बरामद हुई है।
द्वारका जिला के पुलिस उपायुक्त अंकित सिंह ने बताया कि उनकी टीम को सूचना मिली थी कि मादक पदार्थ तैयार कर सप्लाई करने वाला एक युवक विकासपुरी नाले के पास आने वाला है। सूचना के बाद इंस्पेक्टर सुभाष चंद व अन्यों की टीम ने छानबीन के बाद आरोपी चिगमेजू को दबोच लिया। उसके पास से मादक पदार्थ बरामद हुए। उत्तम नगर थाने में उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
छानबीन के दौरान आरोपी ने बताया कि संत नगर बुराड़ी इलाके में मेथामफेटामाइन बनाने की लैब लगाई है। पुलिस ने चिगमेजू की निशानदेही पर बी-ब्लॉक, संत नगर में दूसरी मंजिल पर छापेमारी की। वहां आरोपियों ने पूरी लैब लगाई हुई थी। वहां से मशीन और कच्चा माल बरामद हुआ। आरोपी के साथी मौके से फरार होने में कामयाब हो गए। पुलिस चिगमेजू से पूछताछ कर उनकी तलाश कर रही है।
कमल विहार में धमाके से हुई दो मौतों से जुड़े तार
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जब पूछताछ की तो उसने बताया कि उसके कुछ साथियों ने बुराड़ी के वेस्ट कमल विहार में इसी तरह की लैब लगाई हुई थी। 23 फरवरी को उस लैब में धमाका हुआ। हादसे में क्रिश्चियन और ओकोली नामक दो नाइजीरियाई नागरिकों की मौत हो गई थी। इनके साथी दोनों को मृत अवस्था में एम्स छोड़कर भाग गए थे। उस मामले की अभी पड़ताल जारी है। उत्तरी जिला पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस ने चिगमेजू के मोबाइल की जांच की तो उसमें क्रिश्चियन की फोटो भी मिली। इससे पूर्व एंटी नारकोटिक्स सेल ने 31 जनवरी को ग्रेटर नोएडा में चार नाइजीरियाई नागरिकों को गिरफ्तार कर इसी तरह की लैब पकड़ी थी।