दिल्ली-NCR में बदला मौसम: कई इलाकों में झमाझम हुई बारिश, पारा गिरा, धुला प्रदूषण; खराब श्रेणी में पहुंची हवा
Delhi NCR Aaj Ka Mausam Kaisa Rahega: मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बारिश के बाद दिन का तापमान गिरकर 19-21 डिग्री तक पहुंच सकता है। न्यूनतम तापमान भी 6-8 डिग्री के आसपास आ जाएगा। इसके बाद ठंड एक बार फिर लौटेगी और सुबह-रात में ठिठुरन बढ़ेगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। शुक्रवार की सुबह राजधानी और नोएडा समेत आसपास के इलाकों में बारिश हुई। वहीं, गरज के साथ तेज हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग ने पहले से ही गरज के साथ बौछारें पड़ने की भी चेतावनी जारी की थी। इन मौसमी बदलावों के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। यह मौसमी बदलाव अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकता है।
जानें क्यों अचानक बदला मौसम का मिजाज
जनवरी का महीना आमतौर पर कड़ाके की ठंड के लिए जाना जाता है, लेकिन इस बार दिन का तापमान काफी ऊपर चढ़ रह था। लेकिन शुक्रवार को मौसम ने करवट ली है। आज एक मजबूत और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत पर असर डाल रहा है। ऐसे में दिल्ली में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई थी, जिसका असर भी सुबह से ही दिखने को मिल राह है। बारिश के साथ गरज-चमक और 40-50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा भी चलने के आसार जताए गए थे। बारिश के बाद दिन का तापमान गिरकर 19-21 डिग्री तक पहुंच सकता है। न्यूनतम तापमान भी 6-8 डिग्री के आसपास आ जाएगा। इसके बाद ठंड एक बार फिर लौटेगी और सुबह-रात में ठिठुरन बढ़ेगी।
#WATCH | Delhi wakes up to light rain; IMD predicts the city to witness light rain accompanied by thunderstorm, lightning and gusty winds today
— ANI (@ANI) January 23, 2026
Visuals from Kartavya Path, where full-dress rehearsal for Republic Day is scheduled to take place today pic.twitter.com/tC6tIK6Lz1
जनवरी में मई जैसा अहसास, आखिर क्यों?
आंकड़े बताते हैं कि पिछले दो दिनों में तापमान सामान्य से करीब 7 डिग्री सेल्सियस ज्यादा दर्ज किया गया है। हालात ऐसे हैं कि सुबह और रात का तापमान जहां 8-9 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, वहीं दिन का पारा चढ़कर 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। लेकिन अगर आप इसे ठंड की विदाई समझ रहे हैं, तो ठहरिए... मौसम विभाग के संकेत कुछ और ही कहानी बयां कर रहे हैं।
अचानक कैसे आ गए गर्मी वाले दिन?
इस असामान्य गर्माहट की मुख्य वजह एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ है, जो हिमालय क्षेत्र में सक्रिय हुआ, लेकिन मैदानी इलाकों में ज्यादा प्रभाव नहीं डाल सका। आमतौर पर ऐसे विक्षोभ बादल, कोहरा और बारिश लाते हैं, लेकिन इस बार बादल कम छाए और आसमान ज्यादातर साफ रहा।
इससे सूरज की किरणें सीधे जमीन पर पहुंच रही हैं, जिससे दिन में गर्मी का अहसास बढ़ गया है। इसके अलावा, मैदानी क्षेत्र में एंटी-साइक्लोन जैसी स्थिति बनी हुई है, जिसने ठंडी हवाओं को रोक रखा है। हवा में नमी की कमी से घना कोहरा भी नहीं बन पा रहा।
बारिश और तेज हवाओं ने धोया प्रदूषण, खराब श्रेणी में पहुंची हवा
राजधानी में हुए बारिश और तेज हवाओं ने जहरीली फिजा से फौरी राहत दिलाई है। ऐसे में शुक्रवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 282 दर्ज किया गया। यह हवा की खराब श्रेणी है। इसमें गुरुवार की तुलना में 40 सूचकांक की गिरावट दर्ज की गई। दूसरी ओर, एनसीआर में गाजियाबाद की हवा सबसे अधिक प्रदूषित रही। यहां एक्यूआई 278 दर्ज किया गया, यह हवा की खराब श्रेणी है। वहीं, नोएडा में 270, ग्रेटर नोएडा में 249 और गुरुग्राम में 227 एक्यूआई दर्ज किया गया। इसके अलावा, फरीदाबाद की हवा सबसे साफ रही। यहां सूचकांक 216 दर्ज किया गया। यह हवा की खराब श्रेणी है।
दिल्ली में वायु गुणवत्ता प्रबंधन के लिए निर्णय सहायता प्रणाली के अनुसार, वाहन से होने वाला प्रदूषण 10.65 फीसदी रहा। इसके अलावा पेरिफेरल उद्योग से 7.27, आवासीय इलाकों से 2.83, निर्माण गतिविधियों से 1.25 और कूड़ा जलाने से होने वाले प्रदूषण की 1.00 फीसदी की भागीदारी रही। सीपीसीबी के अनुसार, शुक्रवार को हवा उत्तर-पूर्व दिशा से 10 किलोमीटर प्रतिघंटे के गति से चली। वहीं, अनुमानित अधिकतम मिश्रण गहराई 850 मीटर रही। इसके अलावा, वेंटिलेशन इंडेक्स 9000 मीटर प्रति वर्ग सेकंड रहा। दूसरी ओर, दोपहर तीन बजे हवा में पीएम10 की मात्रा 207.8 और पीएम2.5 की मात्रा 114.5 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज की गई। वहीं, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) का पूर्वानुमान है कि सोमवार तक इसी श्रेणी में ही बरकरार रहेगी।