Delhi AIIMS: एम्स में 24 घंटे होगी डेंगू और मलेरिया की जांच, निदेशक ने जारी किए आदेश
एम्स निदेशक ने शनिवार को आदेश जारी किया है। इसमें सप्ताह के सभी दिन, 24 घंटे डेंगू-मलेरिया के अलावा अन्य जांच करने को कहा गया है। इससे पहले एम्स में एमआरआई सहित अन्य जांचों को भी 24 घंटे करने का आदेश दिया जा चुका है।
विस्तार
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), दिल्ली में एक नवंबर से डेंगू और मलेरिया की जांच 24 घंटे होगी। दिल्ली में पिछले कुछ समय से डेंगू के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। बढ़ते मामलों के बीच डेंगू के लक्षण के साथ एम्स में बड़ी संख्या में मरीज पहुंच रहे हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती करना पड़ता है। ऐसे मरीजों को जल्द से जल्द उपचार देने के लिए जांच में तेजी लाने का फैसला लिया गया है।
एम्स निदेशक ने शनिवार को आदेश जारी किया है। इसमें सप्ताह के सभी दिन, 24 घंटे डेंगू-मलेरिया के अलावा अन्य जांच करने को कहा गया है। इससे पहले एम्स में एमआरआई सहित अन्य जांचों को भी 24 घंटे करने का आदेश दिया जा चुका है।
एम्स प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, वयस्क और बाल चिकित्सा आपातकालीन विभाग में भर्ती या निगरानी में रखे गए मरीजों की जांच 1 नवंबर से 24 घंटे की जाएगी। साथ ही इन मरीजों की रिपोर्ट भी कम से कम समय में उपलब्ध कराई जाएगी। इन जांच में डेंगू सीरोलॉजी के साथ एनएस 1 एंटीजन (एलिसा), मलेरिया डायग्नोस्टिक वर्कअप (एक्रिडीन ऑरेंज और गिमेसा स्टेनिंग), मूत्र की नियमित और सूक्ष्म जांच, ब्लड, यूरिन, सीएसएफ के साथ सीएसएफ के लिए माइक्रोबायोलॉजिकल जांच शामिल हैं।
ट्रामा में दलाल बेच रहे थे उपकरण
एम्स परिसर में निजी एजेंट व दलालों पर लगाए गए प्रतिबंध के बाद भी ये नए-नए तरीके से एम्स परिसर में चिकित्सकीय उपकरण व सामान बेचने का प्रयास कर रहे हैं। एम्स के सुरक्षा अधिकारी ने एम्स ट्रामा सेंटर में ऐसे पांच लोगों को पकड़ा है जो हड्डी रोग में इस्तेमाल होने वाले चिकित्सा सामान को महंगे दाम पर बेचने का प्रयास कर रहे थे। इन सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया है। इससे पहले भी एम्स परिसर में निजी दलालों को पकड़ा जा चुका है।