अब दिल्लीवासियों को 10रु. में मिलेंगे LED लाइट्स
देश में सफाई के बाद प्रधानमंत्री ने बिजली बचाने को बढ़ावा देने का अभियान शुरू किया है। इसके तहत पीएम मोदी ने खुद अपने हाथों से साउथ ब्लॉक के अपने निवास में साधारण बल्ब की जगह एलईडी लाइट लगाई।
इस अभियान के अंतर्गत राजधानी समेत पूरे देश में लोगों को एलईडी लाइट लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। दिल्ली में तो इसके लिए एक विशेष योजना की भी शुरूआत की जाने वाली है ताकि लोग अपने घरों में एलईडी लाइट लगाएं और ज्यादा से ज्यादा बिजली बचाएं।
अपनी कीमत से ज्यादा पैसे बचाएगी एलईडी लाइट
दिल्ली में लॉन्च की जा रही योजना के तहत सभी घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को एलईडी लाइट्स 10 रुपए में दी जाएगी। इस योजना में ध्यान देने वाली बात यह है कि यह 10 रुपए शुरूआती भुगतान के तौर पर देना होगा।
इसके बाद अगले 12 महीने तक हर महीने दस-दस रुपए उपभोक्ताओं के बिजली बिल से काट लिए जाएंगे। इस तरह यह एलईडी बल्ब दिल्लीवासियों को कुल 130 रुपए का पड़ेगा। यही बल्ब अगर बाजार में लेने जाएंगे तो इसकी कीमत 350 रुपए से 600 रुपए के बीच होगी।
'बिजली के उत्पादन से ज्यादा अच्छा उसे बचाया जाना'
एक अनुमान के अनुसार एलईडी बल्ब लगाने से दिल्लीवासियों की एक साल में 162 रुपए की बचत होगी। इस तरह यह बचत इस बल्ब के दाम से कम होगी और सालभर से पहले ही वसूल हो जाएगी और एलईडी बल्ब की गारंटी पूरे 3 साल की है। पीएम ने एलईडी लाइट को प्रकाश पथ पर यानी उजाले की ओर चलने का मार्ग बतलाया।
उन्होंने आगे कहा कि बिजली के उत्पादन से ज्यादा अच्छा उसे बचाया जाना है, जिसके लिए सभी देशवासियों के सहयोग की जरूरत पड़ेगी। इसके साथ ही पीएम ने देश की तमाम मशहूर हस्तियों को इस बिजली बचाओ अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।