NIA: पीएफआई से जुड़े 19 आरोपियों की रिमांड पांच दिन और बढ़ी, एनआईए कोर्ट में किए गए पेश
सोमवार को चार दिन की रिमांड खत्म होने पर उन्हें विशेष अदालत में पेश किया गया था। 22 सितंबर को 11 राज्यों में एनआईए, ईडी और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा छापामारी में 106 से अधिक पीएफआई सदस्यों को गिरफ्तार किया गया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली की एनआईए कोर्ट ने पीएफआई से जुड़े 19 आरोपियों की रिमांड पांच दिन और बढ़ा दी है। सोमवार को चार दिन की रिमांड खत्म होने पर आरोपियों को विशेष अदालत में पेश किया गया।
जानकारी के अनुसार, 22 सितंबर को 11 राज्यों में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए), प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और पुलिस की एक संयुक्त टीम द्वारा छापामारी में 106 से अधिक पीएफआई सदस्यों को गिरफ्तार किया गया था। आतंकवादियों की कमर तोड़ने के लिए इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया था।
इसमें एनआईए और ईडी ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, केरल समेत अन्य राज्यों में पीएफआई के ठिकानों पर छापे मारे। छापामारी के दौरान 100 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह पीएफआई और उससे जुड़े लोगों की ट्रेनिंग, टेरर फंडिंग और लोगों को संगठन से जोड़ने के खिलाफ ये अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है।
महाराष्ट्र में पांच आरोपियों की एटीएस कस्टडी तीन अक्तूबर तक बढ़ी
महाराष्ट्र एटीएस ने सोमवार को मुंबई में एक कोर्ट को बताया कि वह पीएफआई के खिलाफ कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार पांच आरोपियों के अलकायदा और आईएस जैसे आतंकवादी संगठनों से संबंधों की जांच करना चाहती है और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की भी जांच करना चाहती है। एटीएस ने कहा कि उसने एक आरोपी के ठिकाने से कुछ साहित्य व हू किल्ड करकरे नामक किताब बरामद की है और उसका उसका लैपटॉप व फोन बरामद किया है।
इसके बाद कोर्ट ने 14 दिन की रिमांड की मांग को सही नहीं ठहराते हुए उसे तीन अक्तूबर तक की रिमांड दी है। ये पांच आरोपी महाराष्ट्र से गिरफ्तार 20 लोगों में से हैं, जिन्हें पिछले गुरुवार को गिरफ्तार किया गया था।