लालच देकर लगाया चूना: शेयर मार्केट में निवेश करने पर मुनाफे का दिया झांसा, 3.32 करोड़ लेकर रिश्तेदारों के खातों में करवाए जमा
दिसंबर 2021 में दिल्ली के रोहिणी निवासी विपुल शर्मा ने आर्थिक अपराध शाखा में ठगी की शिकायत देकर आरोप लगाया कि राजस्थान में जोधपुर निवासी मनीष बोहरा, बेटे कपिल बोहरा ने अपनी कंपनी की ओर से शेयर मार्केट में निवेश करने के लिए कहा। उन्हें मुनाफा होने का आश्वासन दिया था। भरोसे में आकर उन्होंने रुपये दे दिए थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शेयर मार्केट में निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर 3.32 करोड़ की ठगी करने वाले एक जालसाज को दिल्ली की आर्थिक अपराध शाखा ने राजस्थान के जोधपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जोधपुर निवासी कपिल बोहरा के रूप में हुई। पुलिस उससे पूछताछ कर अन्य आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।
दिसंबर 2021 में रोहिणी निवासी विपुल शर्मा ने आर्थिक अपराध शाखा में ठगी की शिकायत देकर आरोप लगाया कि राजस्थान के खाटू श्याम मंदिर के पुजारी ने उसकी मुलाकात मनीष बोहरा, बेटे कपिल बोहरा और उसके साथियों से करवाई। मनीष और उसके साथी शेयर मार्केट के कारोबार में शामिल थे। मनीष और उसके बेटे ने शिकायतकर्ता से अपनी कंपनी की ओर से शेयर मार्केट में निवेश करने के लिए कहा। आश्वासन दिया कि निवेश पर मुनाफा होगा।
आरोपी के झांसे में आकर विपुल व उसके परिवार के अन्य सदस्यों ने करीब 3.32 करोड़ रुपये निवेश कर दिए। बाद में मनीष ने ई-मेल के जरिए पीड़ित परिवार को बताया, निवेश की गई रकम से वह कई कंपनियों के शेयर खरीद रहे हैं, लेकिन उसके बाद कोई जानकारी नहीं मिलने पर शिकायतकर्ता विपुल ने छानबीन की तो पता चला कि आरोपियों ने किसी भी कंपनी के शेयर नहीं खरीदे हैं। आरोपियों ने सारे पैसों का गबन कर लिया है। पीड़ित ने पैसे वापस करने के लिए कहा, लेकिन आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। उसके बाद शाखा में इसकी शिकायत दी। पुलिस को पता चला कि पीड़ितों से रकम लेने के बाद आरोपियों ने सारे पैसे अपने परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों के बैंक खाते में जमा कर दिए।
शाखा की संयुक्त आयुक्त छाया शर्मा ने बताया कि पुलिस ने जांच के दौरान मनीष और उसके बेटे कपिल को जांच में शामिल होने के लिए नोटिस भेजा, लेकिन आरोपी जांच में शामिल नहीं हुए। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी करवाए। पुलिस ने कपिल को नौ जुलाई को जोधपुर से गिरफ्तार कर लिया।