Delhi : दो बार पाकिस्तान जा चुका है कासिम, 90 दिनों तक वहां रहकर ली थी जासूसी की ट्रेनिंग; पूछताछ जारी
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि कासिम ने दो बार पाकिस्तान भी गया है। इस दौरान उसने 90 दिनों तक वहां रहकर जासूसी की ट्रेनिंग भी ली है।
विस्तार
ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत में रहकर पड़ोसी देश पाकिस्तान के लिए जासूसी करने वालों के खिलाफ सुरक्षा बलों ने चौकसी बढ़ा दी है। इस कड़ी में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को बड़ी कामयाबी मिली है। बृहस्पतिवार को पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप मेंं स्पेशल सेल की टीम ने आरोपी को गांव गनगोर, पहाड़ी, डीग राजस्थान से गिरफ्तार किया है।
आरोपी की पहचान भरतपुर, राजस्थान निवासी कासिम (34) के रूप में हुई है। आरोप है कि कासिम भारतीय सेना से जुड़ी खुफिया जानकारियां और सरकारी कार्यालय की संवेदनशील सूचनाएं पाक खुफिया एजेंसी आईएसआई को पहुंचा रहा था। पिछले काफी समय से वह आईएसआई के लोगों के साथ संपर्क में था।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि कासिम ने दो बार पाकिस्तान भी गया है। इस दौरान उसने 90 दिनों तक वहां रहकर जासूसी की ट्रेनिंग भी ली है। पिछले काफी समय से दिल्ली पुलिस की टीम उसकी पहचान करने में जुटी हुई थी। जानकारी पुख्ता करने के बाद बृहस्पतिवार को उसे गिरफ्तार किया गया है। अब पुलिस उसको रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।
स्पेशल सेल के अतिरिक्त आयुक्त प्रमोद सिंह कुशवाहा ने बताया कि पिछले साल सितंबर 2024 में जानकारी मिली थी कि कुछ भारतीय मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल पाक खुफिया ऑपरेटिव द्वारा जासूसी के लिए किया जा रहा है। इन सिमकार्ड को भारत से पाकिस्तान भेजा गया है। इन नंबरों के जरिए व्हाट्सएप पर सेना व सरकार से जुड़ी गोपनीय जानकारियां इकट्ठा की जा रही हैं।
छानबीन हुई तो भरतपुर निवासी कासिम का नाम सामने आया। पुलिस ने कासिम की और जानकारी जुटाना शुरू की। छानबीन के दौरान टीम को पता चला कि कासिम ने दो बार पाकिस्तान का दौरा किया है। पहली बार वह अगस्त 2024 में पाकिस्तान गया था। इसके बाद दूसरी बार वह मार्च 2024 में पाकिस्तान गया। अपने पाकिस्तान दौरे के दौरान वह 90 दिनों तक वहां रहा।
आईएसआई के लोगों से हुई मुलाकात...
पाकिस्तान के दौरे में आईएसआई के लोगों ने उसे ट्रेनिंग दी। वह कई पाक खुफिया एजेंसी के कई बड़े लोगों से मिला। वहां उसको जासूसी करने के तरीकों के बारे में बताया गया। आईएसआई के लोग भारतीय मोबाइल नंबरों से व्हाट्सएप के जरिए संपर्क में रहते हैं। इन नंबरों के आधार पर ही जानकारी को विदेश भेजा जाता है।
तमाम जानकारी जुटाने के बाद स्पेशल सेल ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया। बृहस्पतिवार को स्पेशल सेल एनडीआर की टीम ने गांव गनगोर, पीएस पहाड़ी, डीग, मेवात, राजस्थान में छापेमारी कर कासिम को गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे दिल्ली लाया गया है। पुलिस की कई टीमों के अलावा कई एजेंसियों उससे पूछताछ करने में जुटी हैं।
उससे पूछताछ कर भारत में जासूसी नेटवर्क का पता करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल व बाकी दस्तावेजों को कब्जे में लिया है। उसके आधार पर पुलिस के हाथ महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। पुलिस अधिकारी उम्मीद जता रहे हैं कि मामले में जल्द ही कुछ और गिरफ्तारियां हो जाएंगी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.