एक बकरे सहित तीन गर्भवती बकरियां गायब
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सुनने में भले ही आपको ये बात अजीब लगे लेकिन दिल्ली पुलिस को तीन गर्भवती बकरियों और एक बकरे की तलाश है। इनके मालिक ने गुमशुदगी की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है।
दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दक्षिणी दिल्ली के इंदिरा कॉलोनी में रहने वाले शख्स की शिकायत के आधार पर आईपीसी की धारा 379 के तहत तीन गर्भवती बकरियों और एक बकरे के गायब होने की एफआईआर दर्ज की गई है।
शिकायतकर्ता नफीश अली ने पुलिस को बताया कि बुधवार की सुबह लगभग चार बजे के करीब उसने पाया कि उसकी तीन गर्भवती बकरियां और एक बकरा गायब है।
बहुत खोजने के बाद भी जब उनका पता नहीं चला तो उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने का फैसला किया। पुलिस को उसने बताया कि दो बकरियों की उम्र चार साल है जिनका रंग भूरा है जबकि, तीसरी बकरी जिसकी उम्र तीन साल है काले रंग की है।
पहले गायब हुईं थी 12 भैंसें
इन बकरियों के साथ गायब बकरे की उम्र एक साल है और उसका रंग भी काला है। पुलिस के मुताबिक जानवर चोरी करने वाले गैंग इस इलाके में सक्रिय हैं जो नजदीकी राज्यों से आकर इस तरह की चोरी को अंजाम देते हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
गायब हुए जानवरों का मालिक अली मजदूरी का काम करता है और अपने परिवार के साथ इंद्रा कॉलोनी में रहता है। दक्षिणी दिल्ली का यह इलाका फतेहपुर बेरी थाने के अंतर्गात आता है।
बता दें कि कुछ महीनों पहले यूपी के मंत्री आजम खान की भैंस चोरी के मामले ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। इसी तरह का एक मामला दिल्ली में भी सामने आया था जहां 12 भैंसों के चोरी होने का मामला सामने आया था।
पुलिस ने चार महीने बाद पकड़े चोर
मई 2015 में बाहरी दिल्ली के अमन विहार इलाके में सतीश नाम के किसान की 12 भैंसे डेयरी फॉर्म से चोरी हो गई थीं। चोरी हुई भैंसो की कीमत 10 लाख के करीब बताई गई थी।
दिल्ली पुलिस ने इस मामले को सुलझाने के लिए सोशल नेटवर्किंग साइट व्हाट्सएप की भी मदद ली और भैंसों की तस्वीर इस पर डाल दी। हालांकि लगभग चार महीने बाद दिल्ली पुलिस ने सितंबर में इस मामले के सुलझाने का दावा किया।
पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया जिनसे पूछताछ में पता चला कि उन्होंने डेयरी पर तैनात गार्ड को बंदूक के दम पर बंधक बना लिया और भैंसों को ट्रक में लादकर फरार हो गए।