आतंकियों के लिए दिल्ली पुलिस ने रचा चक्रव्यूह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली में आतंकी हमले को रोकने व आतंकियों को दबोचने के लिए दिल्ली पुलिस ने चक्रव्यूह रचना शुरू कर दिया है। दिल्ली पुलिस ने ऐसी रणनीति बनाई है कि अगर आतंकियों ने दिल्ली में कहीं हमला कर दिया तो वह न भाग सकेंगे और न ही ज्यादा तबाही कर सकेंगे।
दिल्ली पुलिस ने अपनी स्ट्राइक टीमों को जिला नेट (वायरलेस सिस्टम) से जोड़ा है। स्ट्राइक टीमों के अलावा पुलिस की टीमों को रोशनी करने वाले वेरी लाइट पिस्टल भी दी गई हैं।
दिल्ली पुलिस के एक उच्चाधिकारी ने बताया कि दिल्ली के कुल 181 में से पब्लिक से सीधे जुड़े 164 थाने हैं। दिल्ली पुलिस के पास इस समय करीब पांच हजार कमांडो हैं। इन पुलिसकर्मियों को कमांडो की अच्छी ट्रेनिंग दी गई है।
स्ट्राइक टीम करेगी मदद
हालांकि इस समय दिल्ली पुलिस की क्षमता करीब 84 हजार है। चार-पांच कमांडों की हर थाने में एक स्ट्राइक टीम बनाई हैं। हर जिले में स्ट्राइक टीमों को जिला नेट सिस्टम से जोड़ा गया है। हर टीम को एक-एक वायरलेस सेट दिया गया है। इससे ये टीमें आपस में जुड़ जाएंगी। साथ में सीनियर पुलिस अधिकारी भी स्ट्राइक टीमों से सीधे जुड़ गए हैं।
उन्होंने बताया कि अगर कहीं आतंकी हमला होता है तो सभी टीमों को जिला नेट से कुछ ही सेकेंड में मैसेज मिल जाएगा और सभी टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हो जाएंगी। इन स्ट्राइक टीमों के अलावा अन्य पुलिस टीमों को वेरी लाइट पिस्टल दी गई हैं।
ये पिस्टल ऐसी हैं कि हवाई फायरिंग में काफी देर रोशनी करती हैं। इन पिस्टल का उद्देश्य ये है कि अंधेरे में आतंकियों को तलाश किया जा सके। हालांकि पुलिस के पास इस तरह की पिस्टल बहुत पहले से है, मगर इनका प्रयोग कम ही किया गया था। इसके अलावा अमेरिकी राष्ट्रपति की भारत यात्रा को देखते हुए दिल्ली पुलिस की टीमें चर्च आदि पर विशेष नजर रखे हुए हैं।