Delhi: मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान, दो बहनों सहित नौ तस्कर गिरफ्तार, एक करोड़ की हेरोइन बरामद
दो बहनों समेत नौ तस्करों को गिरफ्तार कर करीब एक करोड़ रुपये की 919 ग्राम हेरोइन जब्त की है। पुलिस के अनुसार, एसआई किरोड़ीमल की टीम ने इमरान खान उर्फ साहिल (20) को ख्याला से गिरफ्तार कर 269 ग्राम हेरोइन बरामद की है।
विस्तार
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने तीन जगह अभियान चलाकर दो बहनों समेत नौ तस्करों को गिरफ्तार कर करीब एक करोड़ रुपये की 919 ग्राम हेरोइन जब्त की है। पुलिस के अनुसार, एसआई किरोड़ीमल की टीम ने इमरान खान उर्फ साहिल (20) को ख्याला से गिरफ्तार कर 269 ग्राम हेरोइन बरामद की है।
इमरान ने बताया कि उसने अनवर और महबूब से हेरोइन खरीदी थी। इसके बाद पुलिस ने गांव विसारतगंज, बरेली में छापा मारकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, एसआई संदीप त्यागी की टीम ने सिरौली, बरेली निवासी तौहीद (25), जुनैद खान (28) व आयस (22) और कल्याणपुर, बरेली निवासी साकिब खान (28) को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 340 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। इधर, एसआई संदीप की टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वाली बहनों शोभा व पूनम को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 310 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।