Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   A foreign market stocked with products from places ranging from China and Thailand to Turkiye

Delhi NCR News: चीन, थाईलैंड से लेकर तुर्किये तक के उत्पादों से सजा विदेशी बाजार

Amar Ujala Bureau अमर उजाला ब्यूरो
Updated Mon, 16 Nov 2026 02:33 AM IST
विज्ञापन
विदेशी पवेलियन में उमड़ी भीड़, यहां ज्वेलरी, कॉस्मेटिक्स, स्किनकेयर, ड्राई फ्रूट्स और हस्तशिल्प के उत्पाद बने आकर्षण
विज्ञापन

शनि पाथौली
नई दिल्ली। भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में इस बार दुनिया के बाजार की झलक देखने को मिल रही है। हॉल नंबर-1 में बनाए गए इंटरनेशनल पवेलियन में 11 देशों ने अपने उत्पादों के साथ भागीदारी की है। थाईलैंड, चीन, दुबई, तुर्किये, अफगानिस्तान, ईरान और घाना समेत विभिन्न देशों के स्टॉल पर विदेशी उत्पादों की विविधता लोगों को आकर्षित कर रही है। कहीं ज्वेलरी और कॉस्मेटिक्स की चमक है तो कहीं ड्राई फ्रूट्स, हस्तशिल्प और घर की सजावट के अनूठे सामान लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। मेले के दूसरे दिन अंतरराष्ट्रीय पवेलियन में खरीदारों और कारोबारियों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली।
विदेशी पवेलियन में एक ही जगह पर कई देशों के उत्पाद उपलब्ध होने से लोगों को अलग-अलग बाजारों को जानने और उनकी विशेषताओं को समझने का अवसर मिल रहा है। यहां आने वाले लोग केवल खरीदारी तक सीमित नहीं हैं, बल्कि विभिन्न देशों की संस्कृति, कलात्मकता और पारंपरिक शिल्प से भी रूबरू हो रहे हैं। ज्वेलरी, सौंदर्य प्रसाधन, खाद्य उत्पाद और सजावटी सामान की अलग-अलग रेंज आगंतुकों के लिए खास आकर्षण बनी हुई हैं।
विज्ञापन

खरीदारी के साथ संस्कृति को जानने की भी उत्सुकता
मेले में पहुंचे सचिन सिरोही ने बताया कि वह पहले दिन ही इंटरनेशनल पवेलियन देखने आए थे। उनके लिए यहां आने का उद्देश्य सिर्फ खरीदारी करना नहीं, बल्कि अलग-अलग देशों के लोगों, उनकी संस्कृति और उत्पादों को करीब से जानना भी है। उन्होंने कहा कि थाईलैंड और तुर्किये के पवेलियन उन्हें काफी अच्छे और दिलचस्प लगे। उनकी योजना सभी अंतरराष्ट्रीय पवेलियन देखने की है। उनके मुताबिक, इस तरह का आयोजन लोगों को एक ही स्थान पर कई देशों की खासियतों से परिचित होने का अवसर देता है।
विज्ञापन
विज्ञापन

थाईलैंड के स्किनकेयर और मेकअप उत्पादों की मांग
हॉल नंबर-1 में थाईलैंड का पवेलियन भी आगंतुकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। यहां स्किनकेयर, मेकअप और एसेसरीज से जुड़े कई तरह के उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। इनकी रेंज को लेकर भारतीय खरीदारों में खास रुचि दिखाई दे रही है। दिल्ली की प्रीति ने बताया कि इस बार विदेशी पवेलियन में ज्वेलरी की कई नई वैरायटी देखने को मिली हैं। कॉस्मेटिक्स के उत्पाद भी आकर्षक हैं। इसके अलावा विभिन्न देशों से आए ड्राई फ्रूट्स ने भी उनका ध्यान खींचा है। उनके अनुसार, यहां उत्पादों की विविधता के कारण खरीदारी के लिए कई विकल्प मिल रहे हैं।

छह फीट का फ्लाॅवर वास और ओनिक्स के शतरंज बोर्ड बने आकर्षण
अंतरराष्ट्रीय पवेलियन में घर की सजावट से जुड़े उत्पाद भी लोगों को खासा आकर्षित कर रहे हैं। मार्बल और अन्य पत्थरों से तैयार सजावटी सामान अपनी कलात्मक बनावट और आकार के कारण अलग पहचान बना रहे हैं। एक प्रदर्शक के अनुसार, इस बार छह फीट ऊंचाई का फ्लाॅवर वास ( फूलदान) प्रदर्शनी में लाया गया है। इसे एक ही पीस में तैयार किया गया है। इसके अलावा 24 और 36 इंच के शतरंज बोर्ड भी रखे गए हैं, जिनकी खासियत यह है कि इन्हें पूरे ओनिक्स पत्थर से बनाया गया है।प्रदर्शनी में अलग-अलग आकार के फ्लाॅवर वास, जानवरों की आकृतियां, फ्लाॅवर पॉट, पेडेस्टल और छोटे फाउंटेन भी शामिल हैं। एक प्रदर्शक ने बताया कि ग्राहकों की पसंद और जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इस बार उत्पादों के आकार और डिजाइन में बदलाव किया गया है। बड़े सजावटी सामान के साथ छोटे आकार के उत्पाद भी शामिल किए गए हैं, ताकि लोग अपनी जगह और जरूरत के अनुसार इनका चयन कर सकें।

विदेशी कारोबारियों और भारतीय खरीदारों के बीच बढ़ा संपर्क
इंटरनेशनल पवेलियन खरीदारी के साथ कारोबारी संवाद का भी महत्वपूर्ण मंच बन रहा है। यहां विदेशी प्रदर्शकों को भारतीय ग्राहकों की पसंद और बाजार की मांग समझने का अवसर मिल रहा है। वहीं, भारतीय खरीदार विभिन्न देशों के उत्पादों की गुणवत्ता, डिजाइन और विशेषताओं से परिचित हो रहे हैं। इस तरह पवेलियन अंतरराष्ट्रीय व्यापार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने में भी भूमिका निभा रहा है। ज्वेलरी से लेकर सौंदर्य प्रसाधन, खाद्य सामग्री और हस्तशिल्प तक की मौजूदगी ने इसे मेले के प्रमुख आकर्षणों में शामिल कर दिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed