तीन संदिग्धों को लेकर दिल्ली में हाईअलर्ट, फोटो जारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब के पठानकोट से दिल्ली के ओर टैक्सी से चले तीन संदिग्धों को लेकर दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। टैक्सी (ऑल्टो कार) चालक का शव हिमाचल में मिलने के बाद दिल्ली पुलिस सतर्क हो गई है।
टैक्सी के गायब होने को लेकर दिल्ली पुलिस आयुक्त की ओर से अलर्ट जारी किया गया है। वैसे गणतंत्र दिवस पर आतंकी हमले को देखते हुए दिल्ली में पहले से ही सुपर हाईअलर्ट है।
तीनों संदिग्धों की फोटो जारी करते हुए सुरक्षा में कोई कोताही नहीं बरतने का आदेश दिया गया है। ऑल्टो कार व तीन संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
पुलिस आयुक्त भीमसेन बस्सी ने बताया कि पठानकोट से चली कार के गायब होने के बारे में इनपुट्स मिले हैं। पंजाब पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सफेद रंग की ऑल्टो कार नंबर-एचपी 01डी 2440 पठानकोट से दिल्ली के लिए तीन लोगों ने किराए पर ली थी।
संदिग्धों के दें 100 नंबर पर जानकारी
टैक्सी चालक विजय कुमार 20 जनवरी को कांगड़ा में मृत मिला था। टैक्सी गायब है जिसकी तलाश के लिए ऑपरेशन चलाया जा रहा है। बस्सी ने टैक्सी व संदिग्धों के बारे में कोई जानकारी मलने पर 100 नंबर पर पुलिस को सूचना देने की अपील की है।
तीनों संदिग्धों की फोटो सोशल मीडिया पर भी जारी की गई है। इस फोटो में तीनों संदिग्ध ऑल्टो कार के साथ दिखाई दे रहे हैं। दिल्ली पुलिस आयुक्त ने कहा कि गणतंत्र दिवस को लेकर सुरक्षा चौक चौबंद है।
हालांकि उन्होंने सुरक्षाके बारे में विस्तार से बताने से इंकार कर दिया। पंजाब से इनपुट्स मिलने के बाद दिल्ली में जगह-जगह पिकेट लगाकर चेकिंग शुरू कर दी गई है। बाजारों, मॉल्स व भीड़भाड़ वाली जगहों की सुरक्षा को भी बढ़ा दिया गया है।
गौरतलब है कि तीन दिन पहले नोएडा से आईटीबीपी के एक आईजी की नीली बत्ती लगी टाटा सफारी कार चोरी हो गई थी। उसका भी अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। दिल्ली पुलिस ने इसको लेकर भी अलर्ट जारी किया है।