{"_id":"6a344757c89ee194f90787bf","slug":"delhi-miscreants-shoot-scrap-dealer-on-tughlaq-road-and-flee-2026-06-19","type":"story","status":"publish","title_hn":"Delhi: तुगलक रोड पर कबाड़ी को गोली मारकर फरार हुए बदमाश, पुरानी रंजिश में वारदात की आशंका; पड़ताल शुरू","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Delhi: तुगलक रोड पर कबाड़ी को गोली मारकर फरार हुए बदमाश, पुरानी रंजिश में वारदात की आशंका; पड़ताल शुरू
Fri, 19 Jun 2026 01:00 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Fri, 19 Jun 2026 01:00 AM IST
विज्ञापन
जांच में जुटी पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी के वीआईपी इलाके तुगलक रोड में बृहस्पतिवार रात एक कबाड़ी को गोली मारकर बदमाश फरार हो गए। गोली लगने से घायल हुए व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। शुरुआती जांच में पुलिस इस वारदात के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जता रही है। घायल ने अस्पताल में कुछ संदिग्धों के नाम भी बताए हैं, जिसके आधार पर पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में जुट गई हैं।
विज्ञापन
नई दिल्ली जिला पुलिस उपयुक्त सचिन शर्मा ने बताया कि रात करीब 9:45 बजे तुगलक रोड थाना क्षेत्र में फायरिंग की सूचना मिली थी। कंट्रोल रूम को एक महिला ने फोन कर बताया कि कुछ लोगों ने एक व्यक्ति को गोली मार दी है और तीन से चार हमलावर मौके से भागते दिखाई दिए हैं।
विज्ञापन
सूचना मिलते ही तुगलक रोड थाना पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और अन्य जांच टीमें मौके पर पहुंचीं। घायल की पहचान 51 वर्षीय मोहम्मद रफीक उर्फ बाबा रफीक के रूप में हुई है, जो सुंदर नर्सरी स्थित झुग्गी बस्ती का रहने वाला है और कबाड़ का काम करता है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गोली चलने की आवाज सुनकर लोग मौके की ओर दौड़े, जहां रफीक घायल अवस्था में पड़ा मिला।
विज्ञापन
उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। वारदात की सूचना मिलते ही क्राइम टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और फोरेंसिक जांच के लिए जरूरी नमूने एकत्र किए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
वहीं, अधिकारियों के अनुसार अस्पताल में उपचार के दौरान घायल ने कुछ लोगों पर शक जताते हुए उनके नाम पुलिस को बताए हैं। इसके बाद अलग-अलग पुलिस टीमों को संभावित ठिकानों पर भेजा गया है। जांच में यह भी सामने आया है कि घायल के खिलाफ पहले से चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। ऐसे में पुलिस उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि, हाल के विवादों और संभावित दुश्मनी के एंगल की भी पड़ताल कर रही है।
पुलिस ने इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और घायल के बयान के आधार पर फरार बदमाशों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।