Delhi Mayor Election: मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव 26 अप्रैल को, जानें कब तक होंगे नामांकन
एमसीडी का कार्यकाल पांच साल का होता है। हर वित्त वर्ष के पहले माह में होने वाली सदन की पहली आम सभा की बैठक में मेयर का चुनाव होता है। मेयर डॉ. शैली ओबरॉय का कार्यकाल 31 मार्च को समाप्त हो गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली नगर निगम के मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव 26 अप्रैल को होंगे। इसके लिए सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक निगम की साधारण सभा की बैठक होगी। चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि बृहस्पतिवार 18 अप्रैल है। निगम सचिव के कार्यालय में किसी भी कार्य दिवस में सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक नामांकन दाखिल किए जा सकते हैं। निगम के मेयर का पद तीसरे साल के लिए अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है।
एमसीडी का कार्यकाल पांच साल का होता है। हर वित्त वर्ष के पहले माह में होने वाली सदन की पहली आम सभा की बैठक में मेयर का चुनाव होता है। मेयर डॉ. शैली ओबरॉय का कार्यकाल 31 मार्च को समाप्त हो गया है। वह लगातार दो बार एकीकृत एमसीडी की मेयर रहीं। एमसीडी का चुनाव 4 दिसंबर 2022 को होने के बाद 7 दिसंबर को नतीजे आए थे। जिसमें आम आदमी पार्टी को सबसे ज्यादा वार्डों में जीत हासिल हुई। इसके बाद डॉ. शैली ओबरॉय पहली बार 22 फरवरी 2023 से 31 मार्च 2023 तक मेयर रहीं।
उनका ये कार्यकाल मात्र 39 दिन का रहा। लेकिन अगली बार वे फिर से मेयर चुनी गईं और पूरे एक साल उन्होंने जिम्मेदारी निभाई। एमसीडी के नियमानुसार मौजूदा कार्यवाहक मेयर होने के नाते डॉ. शैली को अगले मेयर के चुनाव कराने के लिए निगम की साधारण सभा की बैठक की तारीख तय करनी थी। बुधवार को सुबह मेयर ने तारीख तय करके निगम सचिव को भेजी। इसके बाद निगम सचिव कार्यालय की ओर से मेयर चुनाव की अधिसूचना जारी की गई।
चुनाव की तारीख तय होने से निगम सक्रिय
मेयर चुनाव की तारीख तय होने के बाद निगम में हलचल बढ़ गई। लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लगे होने के कारण पिछले कुछ समय से निगम के विभिन्न विभाग और अधिकारी सुस्त पड़े थे, अब सक्रिय दिखने लगे हैं। एमसीडी का अगला मेयर कौन होगा, सिविक सेंटर में इसकी जिज्ञासा तेज हो गई है।