तिवारी भाजपा के सीएम चेहरा वाले बयान से पलटे केंद्रीय मंत्री, आप का तंज-बिना दूल्हे की बरात?
- केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने कहा, उनके नेतृत्व में चुनाव लड़ बनाएंगे मुख्यमंत्री
- शाम को बोले, अब तक कोई नामित नहीं, संजय सिह का तंज, बिना दूल्हे की बरात?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
केंद्रीय शहरी विकास मंत्री और दिल्ली चुनाव के सहप्रभारी हरदीप सिंह पुरी के भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मनोज तिवारी को मुख्यमंत्री का चेहरा बताए जाने पर रविवार को राजनीति गर्म हो गई।
शास्त्री नगर में शहरी केंद्र प्रमुख सम्मेलन में पुरी ने कहा कि प्रदेशाध्यक्ष मनोज तिवारी के नेतृत्व में चुनाव लड़ने जा रहे हैं और इनको हम मुख्यमंत्री बनाकर ही छोड़ेंगे। इस पर कार्यकर्ताओं ने ‘अबकी बारी मनोज तिवारी’ के नारे जमकर लगाए। इस दौरान पुरी भी कार्यकर्ताओं के साथ नारेबाजी करते दिखे।
हालांकि शाम ढलते ही पुरी ने अपना बयान वापस ले लिया और कहा कि भाजपा ने अब तक मुख्यमंत्री पद के लिए किसी को नामित नहीं किया है। इधर, पुरी के इस बयान पर पार्टी में तो चर्चा तेज हुई ही, आप भी सक्रिय हो गई।
मनोज तिवारी की तुलना मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से की जाने लगी। आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि एक तरफ मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का चेहरा है और दूसरी तरफ मनोज तिवारी हैं, जो 200 यूनिट मुफ्त बिजली खत्म करना चाहते हैं।
दिल्लीवालों के सामने आज साफ तस्वीर है। लोगों को तय करने में आसानी होगी। केजरीवाल 2015 की तरह दिल्ली में प्रचंड बहुमत से जीत रहे हैं। इसके बाद, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भी ट्वीट कर कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाए जाने पर मनोज तिवारी को बधाई देता हूं।
दूसरी ओर, पुरी के बयान पर प्रदेशाध्यक्ष मनोज तिवारी का न इकरार आया और न ही इनकार। मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी के सवाल पर तिवारी ने मुस्कुराते हुए कहा कि हम प्रदेशाध्यक्ष हैं।
हमारी जिम्मेदारी है कि हम सरकार बनाकर दें। संजय सिंह के बयान पर तिवारी ने कहा कि आप की बौखलाहट सामने आ गई है। हम दिल्ली चुनाव जीतकर दिखाएंगे। इस बीच, शाम ढलते ही हरदीप सिंह पुरी ने अपना बयान वापस लेते हुए कहा कि भाजपा विजय की ओर अग्रसर है।
पार्टी ने अब तक मुख्यमंत्री पद के लिए किसी को नामित नहीं किया है। मनोज तिवारी दिल्ली के अध्यक्ष हैं। पार्टी उनके नेतृत्व में पूरे जोश के साथ काम कर रही है। मेरे बयान का मतलब था कि उनके नेतृत्व में भाजपा भारी मतों से आगामी चुनाव जीतेगी।
पुरी का यह बयान आते ही एक बार फिर संजय सिंह ने भाजपा पर निशाना साधा। ट्वीट करके कहा कि तो इसका मतलब, केजरीवाल के खिलाफ आपके पास कोई नहीं? बिना दूल्हे की बरात?
आपका मुख्यमंत्री उम्मीदवार दो घंटे में ही मैदान छोड़कर भाग गया या भाजपा को उनकी प्रतिभा पर भरोसा नहीं? हालांकि इस पूरे मामले पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शाम तक चुप्पी साधे रखी।