दिल्ली सरकार ने शुरू किया वेब पोर्टल, 'रोजगार बाजार' के माध्यम से नौकरी देने-लेने वालों को होगा फायदा
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंंद केजरीवाल ने आज डिजिटल प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कोरोना से लड़ाई में राज्य ने जो प्रदर्शन किया है, उसकी प्रशंसा की और कहा कि हमें खुशी है कि हमने कोरोना को रोकने में बिना लॉकडाउन किए सफलता हासिल की। इसके साथ ही केजरीवाल ने राज्य की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए एक वेब पोर्टल की भी शुरुआत की है, जहां कंपनियां योग्य लोगों को पाने के लिए रजिस्टर कर सकती हैं और बेरोजगार लोग उचित नौकरी पाने के लिए भी रजिस्टर कर सकते हैं।
केजरीवाल ने कहा कि यह एक रोजगार बाजार जैसा होगा, जहां लोग रोजगार या कामगार पा सकेंगे। यह वेब पोर्टल है- jobs.delhi.gov.in जिस पर इच्छुक कंपनी या व्यक्ति रजिस्टर कर सकते हैं। केजरीवाल ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान कंपनियों के प्रशिक्षित कर्मी घर चले गए जिससे कंपनियों को इस समय प्रशिक्षित लोगों की जरूरत है। वहीं जिनकी नौकरियां इस दौरान चली गई हैं उन्हें नौकरी की जरूरत है।
Delhi govt is starting a portal - https://t.co/uSkUiSVRTf Those who are looking to recruit people for jobs can go to the website & update their requirement. Job seekers can also go there and update their qualification, experience & requirement. It'll be a 'Rozgar Bazar': Delhi CM pic.twitter.com/iGkL66gXit
— ANI (@ANI) July 27, 2020
ऐसे में यह पोर्टल ऐसी ही कंपनियों और लोगों के लिए मददगार होगी। यहां पर कंपनियां अपनी जरूरत के हिसाब से रोजगारों की क्वालिफिकेशन आदि डाल देंगी तो योग्य व्यक्ति नौकरी के लिए अप्लाई कर सकेगा। वहीं जिन लोगों को नौकरी की जरूरत है वो लोग इस पोर्टल पर अपनी योग्यता डाल देंगे तो कंपनियां उन्हें यहीं से हायर कर लेंगी।
केजरीवाल ने दिल्ली के कोरोना के हालात पर कही यह बात
दिल्ली में कोरोना की स्थिति में सुधार है। आज दिल्ली मॉडल की चर्चा पूरे देश और दुनिया में हो रही है। दिल्ली में रिकवरी की रेट 88% है, केवल 9% लोग अब बीमार हैं और 2-3% लोग मारे गए हैं। दिल्ली में कोरोना से मरने वालों की संख्या में भारी गिरावट आई है।
वह आगे बोले, पहले 100 लोगों का टेस्ट करते थे तो 35 लोग कोरोना के मरीज मिलते थे। लेकिन अब हम 100 का टेस्ट करते हैं तो 5 कोरोना के मरीज मिलते हैं। इसे पॉजिटिविटी अनुपात कहते हैं इसमें काफी कमी आई है। हमारे अस्पतलों में साढ़े 15 हजार बेड हैं, जिसमें से केवल 2800 मरीज बचे हैं, साढ़े 12 हजार बेड खाली हैं।
रेहड़ी पटरी वाले आज से काम शुरू कर सकेंगेः केजरीवाल
केजरीवाल ने एलान किया है कि, रेहड़ी पटरी वाले आज से अपना काम शुरू कर सकेंगे। इसके लिए आज आदेश पारित किए जा रहे हैं।
केजरीवाल की अपील
दिल्ली के सभी 2 करोड़ लोगों से मेरी अपील है कि, आपने अपनी मेहनत, सूझबूझ और सावधानी से दिल्ली में करोना पर काबू पाया। आज आपके “दिल्ली मॉडल” की सब तरफ चर्चा है। अब हमें दिल्ली की अर्थव्यवस्था भी ठीक करनी है। आइये, अब हम सब लोग मिलके दिल्ली की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाते हैं।
मिंटो ब्रिज पर जिस चालक की हुई थी मौत उसके परिजनों को 10 लाख का मुआवजा
केजरीवाल ने ये भी बताया कि, मिंटो ब्रिज जलभराव में उत्तराखंड के रहने वाले कुंदन जी का देहांत हो गया था। आज उनके परिवार को ₹10 लाख की आर्थिक सहायता राशि दी है। उनके जीवन का कोई मूल्य नहीं लेकिन उम्मीद करता हूं कि परिवार को इससे थोड़ी मदद मिलेगी। भविष्य में भी उनके परिवार को कोई जरूरत हुई, तो हम जरूर मदद करेंगे।