दिल्ली सरकार का गोलमेज सम्मेलन: शहरी खेती को बढ़ावा देने के लिए शुरू होगा अभियान, पढ़िए क्या है रोडमैप
दिल्ली सरकार खेती को प्रोत्साहित करने के लिए अभियान चलाएगी। सरकार इस सिलसिले में चर्चा करने के लिए गोलमेज सम्मेलन आयोजित करेगी। इस संबंध में जिला पर्यावरण संरक्षण समिति गठित की जाएगी।
विस्तार
दिल्ली सरकार के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने सोमवार को कहा कि खेती को प्रोत्साहित करने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा। दिल्ली सरकार इस सिलसिले में भविष्य की कार्रवाई पर चर्चा करने के लिए गोलमेज सम्मेलन आयोजित करेगी। बागवानी विभाग अभियान के लिए नोडल विभाग होगा। वहीं प्रदूषण से संबंधित परेशानी का आकलन नगर निगम के वार्ड स्तर पर किया जाएगा। इस संबंध में जिला पर्यावरण संरक्षण समिति गठित की जाएगी।
पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने सोमवार को दिल्ली सचिवालय में संवाददाता सम्मेलन में बताया कि व्यापक अभियान के तहत लोगों को उन सब्जियों को घर में ही उगाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा जिनका ज्यादा इस्तेमाल होता है। इस पहल से उन्हें ताजा सब्जियां मिलेंगी और पैसे की बचत भी होगी। इसके अलावा राजधानी में हरियाली भी बढ़ेगी और दिल्ली सरकार को प्रदूषण की समस्या दूर करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत चर्चा करने के लिए पूसा संस्थान के विशेषज्ञों के साथ 25 अप्रैल को गोलमेज सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। वहीं दिल्ली सरकार को जिला पर्यावरण संरक्षण समिति का गठन करने के लिए सुझाव मिले हैं। यह समिति वार्डों में प्रदूषण से संबंधित परेशानी का आकलन नगर निगम के वार्ड स्तर पर करेगी। इस तरह वार्ड स्तरीय पर्यावरण कार्य योजना तैयार करने वाला दिल्ली देश का पहला राज्य बनेगा।
उन्होंने कहा कि हमारा मकसद पर्यावरण संरक्षण को एक जन आंदोलन बनाना है। इस समिति में आरडब्ल्यूए, एनजीओ के सदस्य, पर्यावरण संरक्षण के लिए काम करने वाले लोग और विधायकों एवं पार्षदों के प्रतिनिधि होंगे। उन्होंने कहा कि गोलमेज सम्मेलन में समिति गठित करने को लेकर चर्चा की जाएगी। समिति शहरी खेती के लिए व्यापक अभियान में भी शामिल रहेगी। दरअसल ठंड के मौसम में दिल्ली में प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ जाता है।
दिल्ली में खेती योग्य भूमि लगातार कम होती जा रही है और कंक्रीट के बिल्डिंग्स की संख्या बढ़ती जा रही है। इसलिए दिल्ली में आने वाले समय में जमीन की कमी की संभावना बढ़ रही है और इसी के मद्देनजर दिल्ली सरकार शहरी खेती का मेगा प्लान शुरू करने जा रही है। इस मेगा प्लान का मकसद लोगों को अपने घरों की छतों, बॉलकनी और बरामदों में अपने उपयोग की सब्जियां व फल इत्यादि का उत्पादन करने के प्रति प्रोत्साहित करना है।