Delhi Elections 2025 : इन 10 सीटों पर इस बार नए चेहरे चुनेगी जनता, प्रत्याशी पहली बार बनेंगे विधायक
इन सीटों पर इस बार नए चेहरे विधायक चुने जाएगे। इन सीटों पर आप, भाजपा व कांग्रेस के उम्मीदवार वर्तमान विधायक ही नहीं, बल्कि पूर्व विधायक भी नहीं हैं। इस तरह यह चुनाव केवल पार्टियों के लिए नहीं, बल्कि इन नए चेहरों के लिए भी परीक्षा की घड़ी है।
विस्तार
विधानसभा चुनाव में 10 सीटों पर नई उम्मीदों का आगाज देखने को मिलेगा। इन सीटों पर इस बार नए चेहरे विधायक चुने जाएगे। इन सीटों पर आप, भाजपा व कांग्रेस के उम्मीदवार वर्तमान विधायक ही नहीं, बल्कि पूर्व विधायक भी नहीं हैं। इस तरह यह चुनाव केवल पार्टियों के लिए नहीं, बल्कि इन नए चेहरों के लिए भी परीक्षा की घड़ी है।
विधानसभा चुनाव में आदर्श नगर, चांदनी चौक, हरी नगर, जनकपुरी, नजफगढ़, पालम, महरौली, देवली, त्रिलोकपुरी और कृष्णा नगर क्षेत्र में नए चेहरे विधायक चुने जाने तय हैं। आप ने इस बार टिकट बंटवारे में बड़ा बदलाव करते हुए कई दिग्गज नेताओं को किनारे किया और इन 10 सीटों के साथ कई अन्य सीटों पर भी नए चेहरों को मौका दिया है। वहीं, भाजपा ने भी नए चेहराें पर दांव लगाया है। इस कड़ी में इन सीटों पर भी उनके नए चेहरे उतरे हैं। कांग्रेस ने इस बार इन सीटों पर ही नहीं, बल्कि अधिकतर सीटों पर नए चेहरों को अवसर दिया है। गत चुनाव में इन सीटों पर आप के विधायक चुने गए थे, लेकिन पार्टी ने इस बार टिकट काट दिए हैं। इस तरह आप ने इन सीटों पर अन्य नेताओं को उम्मीदवार बनाया है। इसी तरह कांग्रेस व भाजपा ने इन सीटों पर अपने पूर्व विधायकों को अवसर नहीं दिया और नए चेहरे उतारे हैं।
पहली बार लड़ रहे चुनाव
चांदनी चौक से आप के पुनरदीप साहनी, भाजपा के सतीश जैन व कांग्रेस के मुदित अग्रवाल और नजफगढ़ से आप के तरुण यादव, भाजपा की नीलम व कांग्रेस की सुषमा यादव पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। इसी तरह पालम से आप के जोगेंद्र सोलंकी, भाजपा के कुलदीप सोलंकी व कांग्रेस के मांगेराम भी पहली बार विधानसभा चुनाव के दंगल में कूदे हैैं। देवली से चुनाव लड़े रहे तीनों दलों के उम्मीदवार भी पहली बार किस्मत आजमा रहे हैं। यहां आप के प्रेम चौहान, भाजपा-लोजपा के दीपक तंवर व कांग्रेस के राजेश चौहान भी पहली बार चुनाव मैदान में हैं।
महरौली से आप के महेंद्र चौधरी पहले चुनाव लड़ चुके हैं, लेकिन भाजपा के गजेंद्र यादव व कांग्रेस की पुष्पा सिंह पहली बार विधायक बनने के लिए चुनावी दंगल में कूदे हैं। जनकपुरी से भाजपा के आशीष सूद दूसरी बार और आप के प्रवीन कुमार व कांग्रेस की हरबानी कौर पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं। इसी तरह त्रिलोकपुरी से आप की अंजना पार्चा दूसरी बार चुनाव लड़ रही हैं, जबकि भाजपा के रविकांत उज्जैन व कांग्रेस के अमरदीप को पहली बार टिकट मिला है। आदर्श नगर क्षेत्र में चुनाव लड़ रहे आप के मुकेश गोयल व भाजपा के राजकुमार भाटिया पहले भी किस्मत आजमा चुके हैं, जबकि कांग्रेस के शिवांक सिंघल पहली बार चुनावी दंगल में कूदे हैं। हरी नगर में आप के सुरेंद्र सेतिया और भाजपा के श्याम शर्मा पहले चुनाव लड़ चुके है, जबकि कांग्रेस के प्रेम शर्मा को पहली बार टिकट मिला है। कृष्णा नगर से आप के विकास बग्गा पहली बार, जबकि भाजपा के अनिल गोयल और कांग्रेस के गुरचरण सिंह दूसरी बार चुनाव मैदान में कूदे हैं।
ये हैं दस विधानसभाएं
आदर्श नगर, चांदनी चौक, हरी नगर, जनकपुरी, नजफगढ़, पालम, महरौली, देवली, त्रिलोकपुरी और कृष्णा नगर।
नई दिल्ली सीट पर सबसे ज्यादा 23 उम्मीदवार मैदान में
नई दिल्ली विधानसभा सीट पर सबसे ज्यादा 23 उम्मीदवार चुनावी मैदान हैं। यहां से पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, भाजपा के प्रवेश वर्मा और कांग्रेस के संदीप दीक्षित उम्मीदवार हैं। वहीं, सबसे कम कस्तूरबा नगर सीट पर पांच उम्मीदवार मैदान में हैं। आप से रमेश पहलवान, भाजपा से नीरज बसोया और कांग्रेस से अभिषेक दत्त यहां से चुनाव लड़ रहे हैं।
इसके अलावा कालकाजी सीट पर 13 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। यहां से मुख्यमंत्री आतिशी, भाजपा के रमेश बिधूड़ी और कांग्रेस की अल्का लांबा प्रत्याशी हैं। बल्लीमारान सीट पर नौ उम्मीदवार मैदान में हैं। यहां से आप के कैबिनेट मंत्री इमरान हुसैन, कांग्रेस के हारुन यूसुफ और भाजपा के कमल बागड़ी उम्मीदवार हैं। ग्रेटर कैलाश सीट पर छह उम्मीदवार मैदान में हैं। इस सीट से आप से कैबिनेट मंत्री सौरभ भारद्वाज, भाजपा की शिखा राय और कांग्रेस के गर्वित सिंघवी चुनाव लड़ रहे हैं।
जंगपुरा से नौ उम्मीदवार मैदान में हैं। यहां से आप के पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, भाजपा के तरविंदर सिंह मारवाह और कांग्रेस के फरहाद सूरी प्रत्याशी हैं। शकूर बस्ती सीट पर सात उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। यहां से पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन, भाजपा के करनैल सिंह और कांग्रेस के सतीश लथूरा प्रत्याशी हैं। पटपड़गंज सीट पर भी नौ उम्मीदवार मैदान में हैं। यहां से आप के अवध ओझा, भाजपा के रविंदर सिंह नेगी और कांग्रेस के अनिल चौधरी चुनाव लड़ रहे हैं।