कांग्रेस का बड़ा खुलासा: 'आप' को शराब घोटाला मामले में घेरा... जारी किया ऑडियो, केजरीवाल से किए सात सवाल
संवाददाता सम्मेलन में पवन खेड़ा ने कहा कि शिक्षा मंत्री को शराब मंत्री बनाकर आप ने युवा पीढ़ी को बर्बाद किया। केजरीवाल और सिसोदिया जैसे नेता भ्रष्टाचार के मामले में जेल गए। आप का तथाकथित 'मॉडल' अब घोटाले का पर्याय बन चुका है।
विस्तार
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कम्युनिकेशन, मीडिया और पब्लिसिटी विभाग के चेयरमैन पवन खेड़ा ने आम आदमी पार्टी के शराब घोटाले से जुड़ा एक ऑडियो जारी कर एक नया खुलासा किया। उन्होंने कहा कि पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सलाह पर शराब घोटाले को अंजाम दिया। ऑडियो में नरेला से विधायक शरद चौहान की आवाज में खुलासा हुआ कि आप ने गुजरात, पंजाब और गोवा चुनावों के लिए शराब कंपनियों से धन लिया।
प्रदेश कार्यालय में बृहस्पतिवार को संवाददाता सम्मेलन में खेड़ा ने कहा कि शिक्षा मंत्री को शराब मंत्री बनाकर आप ने युवा पीढ़ी को बर्बाद किया। केजरीवाल और सिसोदिया जैसे नेता भ्रष्टाचार के मामले में जेल गए। आप का तथाकथित 'मॉडल' अब घोटाले का पर्याय बन चुका है। उन्होंने शराब घोटाले को लेकर केजरीवाल से सात सवाल किए हैं।
जिसमें उन्होंने पूछा, लाइसेंस देने में नियमों का उल्लंघन क्यों हुआ? विदेशी शराब की कीमतों में हेरफेर क्यों किया गया? शराब की गुणवत्ता से समझौता क्यों हुआ? अवैध शराब बिक्री पर कड़ी कार्रवाई क्यों नहीं हुई? पारदर्शी बारकोड सिस्टम लागू क्यों नहीं किया गया? एक्सपर्ट कमेटी की सिफारिशों को नजरअंदाज क्यों किया गया? समय से पहले छोड़े गए ठेकों का रीटेंडर क्यों नहीं किया गया?
उधर, प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि कांग्रेस ने ही इस घोटाले को उजागर किया। जबकि आम आदमी पार्टी ने भ्रष्टाचार मुक्त शासन का वादा किया था, लेकिन उन्होंने सिर्फ अपने लोगों को लाभ पहुंचाया। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता अब कांग्रेस पर विश्वास कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पूर्ण बहुमत से सरकार बनाकर दिल्ली को भ्रष्टाचार मुक्त बनाएगी।