Delhi Election 2020: चुनाव प्रचार की ब्रांड एंबेसडर हैं नोएडा की अलकनंदा, जानें इनके बारे में सबकुछ
दिल्ली में आठ फरवरी को होने वाले चुनाव को लेकर नोएडा में भी चर्चा तेज है। हालांकि नोएडा के निवासियों के लिए दिल्ली का चुनाव एक बड़ी खुशी लेकर आया है कि दिल्ली चुनाव की प्रचार एंबेसडर कोई और नहीं नोएडा की ही अलकनंदा हैं।
दिल्ली चुनाव की ब्रांड एंबेसडर अलकनंदा नोएडा सेक्टर 50 में रहती हैं। इन दिनों नोएडा की इस बेटी की तस्वीर आप दिल्ली के सभी मेट्रो ट्रेन, बस और होर्डिंग में देख सकते हैं।
कौन हैं अलकनंदा
अलकनंदा की माता शिक्षाविद हैं एवं पिता मशहूर संगीत निर्देशक हैं। इन्होंने अपना करियर कत्थक नृत्य को चुना और सिर्फ चुना ही नहीं अपना सब कुछ भारतीय संस्कृति के लिए न्योछावर कर दिया।
नृत्य की इस विधा पर अलकनंदा का समर्पण ही है, जिसने उन्हें आज यह मुकाम दिया है और उन्होंने नृत्य की इस वैभवशाली परंपरा को मजबूती से आगे बढ़ाया है। नृत्य श्री अलकनंदा आज परिचय की मोहताज नहीं हैं।
रह चुकी हैं ईडीएमसी की ब्रांड एंबेसडर
वे जहां पिछले दो वर्षों से ईडीएमसी की ब्रांड एंबेसडर बनकर दिल्ली की जनता को साफ-सफाई के प्रति जागरूक कर रहीं हैं, वहीं दिल्ली चुनाव आयोग ने इन्हें 2020 चुनावों के लिए अपना चेहरा बनाया है। नोएडा एनसीआर में आज नृत्यश्री अलकनंदा के निर्देशन में 300 से अधिक छात्र-छात्राएं सफलतापूर्वक कत्थक नृत्य की शिक्षा ले रहे हैं।
नृत्यश्री अलकनंदा आज भारतीय नृत्य की शैली को अपने देश में ही नहीं बल्कि विदेशों में भी फैला रही हैं। नृत्यश्री प्रत्येक वर्ष पोलैंड, जर्मनी, इंग्लैंड, हंगरी जैसे देशों में प्रस्तुति देती हैं और वहां के लोगों और सरकार द्वारा सराही जाती हैं। हाल ही में नृत्यश्री अलकनंदा को पोलैंड क्रेको के प्रेजिडेंट द्वारा ग्रेटिश अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है।