दिल्ली में तेजी से पांव पसार रहा कोरोना: संक्रमण दर 23 फीसदी के पार, 535 नए मामले मिले; सक्रिय केस हुए 2232
दिल्ली में कोरोना के एक्टिव केस 2232 हो गए हैं। इनमें से 1570 मरीज होम आइसोलेशन और 126 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं।
विस्तार
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक राजधानी में शनिवार को कोरोना के 535 नए मामले सामने आए, जबकि 634 मरीजों को छुट्टी दी गई। शुक्रवार को हुई 2321 जांच में 23.05 फीसदी मरीज संक्रमित पाए गए, जबकि शुक्रवार को संक्रमण दर 20 फीसदी के आसपास थी। दिल्ली में कोरोना के एक्टिव केस 2232 हो गए हैं। इनमें से 1570 मरीज होम आइसोलेशन और 126 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं। इनमें से 12 मरीज वेंटिलेटर, 60 आईसीयू व 43 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं।
कोरोना पर प्रभावी है वैक्सीनेशन
वैक्सीन कोविड से बचाव के लिए प्रभावी है। इसे लेकर गुरु तेग बहादुर अस्पताल ने कोरोना की तीसरी लहर (जनवरी और फरवरी 2022) में अध्ययन किया। इस दौरान कोरोना वायरस का ओमिक्रॉन चरम पर था। अध्ययन का उद्देश्य टीकाकरण के प्रभाव का विश्लेषण करना था। अध्ययन में पाया गया कि वैक्सीन से मृत्युदर में कमी आई और मरीज गंभीर नहीं हुए।
अस्पताल में भर्ती 15 फीसदी गंभीर मरीज
दिल्ली के अस्पतालों में भर्ती 15 फीसदी से अधिक मरीज गंभीर है। दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग के कोरोना एप के अनुसार अस्पतालों में 135 मरीज उपचार करवा रहे हैं। इनमें से 20 मरीज आईसीयू के साथ वेंटिलेटर पर हैं। वहीं, 59 मरीज आईसीयू और 127 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं।
ऐसा रहा दिल्ली का हाल
तारीख कोरोना से मौत संक्रमण दर
01 01 14.37
02 01 16.09
03 02 18.53
04 01 15.64
05 -- 26.54
06 01 16.98
07 02 19.93
फिर बढ़ी काढ़े की मांग
कोरोना के मामले बढ़ने के साथ ही काढ़े फिर मांग बढ़ रही है। हालांकि डॉक्टर बताते हैं कि बचाव के लिए इसका ज्यादा इस्तेमाल नुकसान हो सकता है। जग प्रवेश अस्पताल में आयुष विभाग के वरिष्ठ डॉक्टर नीरज त्रिपाठी ने बताया कि दिन में एक कप काढ़ा ही पर्याप्त है। यदि किसी को खांसी-जुकाम हैं तो वह दिन में दो बार इसका सेवन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने के लिए मौसमी फलों व हरी सब्जी का सेवन बढ़ा देना चाहिए। इस समय संतरा, अवाला, तरबूज, तरबूज, अंगूर, केला का सेवन करना चाहिए। हालांकि, शुगर के मरीजों को अंगुर व केला नहीं खाना चाहिए।