सवारी बनकर बैठे बदमाशों ने की कैब चालक की हत्या, बेटे के आरोपों की जांच कर रही पुलिस
गुरुग्राम से बुलंदशहर सवारी छोड़ने गए कैब चालक आफताब आलम की ग्रेटर नोएडा के बादलपुर इलाके में रविवार रात बदमाशों ने नृशंस हत्या कर दी। बादलपुर कोतवाली क्षेत्र में जीटी रोड स्थित मोहन स्वरूप अस्पताल के पास पुलिस को आफताब बुरी तरह घायल हालत में मिले थे। पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या और लूटपाट का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आशंका जताई जा रही है कि सवारी बनकर कार में जबरन बैठे बदमाशों ने लूटपाट के बाद उनसे मारपीट की। गंभीर चोट लगने की वजह से उनकी मौत हो गई।
दिल्ली के त्रिलोकपुरी निवासी आफताब (42) रविवार दोपहर करीब 3 बजे गुरुग्राम की युवती को बुलंदशहर लेकर गए थे। सवारी को छोड़ने के बाद रात को वह वापस दिल्ली की तरफ निकले, लेकिन वह घर नहीं पहुंचे। रात करीब 12 बजे पुलिस को गश्त के दौरान आफताब की कार जीटी रोड पर मोहन स्वरूप अस्पताल के पास मिली । कार में आफताब घायल मिले उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों ने हत्या और करीब 3500 रुपये और मोबाइल फोन लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस के मुताबिक कैब में सवार लोगों से किराये को लेकर शायद आफताब का विवाद हुआ। आरोपियों ने किसी भारी व नुकीली वस्तु से गले व चेहरे पर हमला कर उनकी हत्या की।
लुहारली टोल पर भी हुआ आरोपियों का विवाद
पुलिस की प्राथमिक पड़ताल में पता चला है कि आरोपी बादलपुर के आसपास के ही निवासी हैं। लुहारली टोल से कैब निकलने के दौरान आरोपियों का टोल कर्मियों से भी विवाद हुआ था। आरोपी खुद को स्थानीय बता रहे थे। टोल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में आरोपियों की तस्वीर दिख रही है। पुलिस इसी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।
मुंह और गले पर चोट के निशान
बादलपुर कोतवाली के एसएसआई दीपक कुमार के मुताबिक कैब चालक के सिर, मुंह और गले में चोट के निशान मिले हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
अस्पताल के पास कौन छोड़कर गया
आफताब की कैब अस्पताल से लगभग डेढ़ सौ मीटर दूर मिली है। कैब में चालक के बराबर वाली सीट पर आफताब थे और सीट बेल्ट भी लगी हुई थी। इससे यह स्पष्ट हो रहा है कि आफताब की हत्या कहीं और की गई और कैब कोई और चलाकर अस्पताल ले जाने के इरादे से वहां लाया था। पुलिस सभी पहलुओं से वारदात का पता लगाने में जुट गई है।
बेटे ने कहा, मोबाइल में जय श्री राम बुलवाने की आवाज
युवती को छोड़कर लौट रहे चालक आफताब हुसैन को कैब में बैठे आरोपियों पर संदेह हो गया था। फास्टैग में पैसा नहीं होने पर बेटे मोहम्मद साबिर को फोन कर रिचार्ज करने को कहने के बाद उन्होंने बिना कॉल काटे मोबाइल जेब में रख दिया था। 41 मिनट से अधिक की ऑडियो रिकॉर्डिंग में आरोपियों की आवाज कैद है। परिजनों का आरोप है कि रिकॉर्डिंग में बातचीत के अलावा ‘जय श्रीराम’ बोलने के लिए कहने की आवाज भी सुनाई दे रही है। परिजनों के मुताबिक युवती पहले कई बार आफताब की कैब से गुरुग्राम से बुलंदशहर जा चुकी है। आफताब बुलंदशहर के ईंटारोड़ी इलाके में युवती को वापस छोड़कर घर लौट रहे थे। परिजनों का आरोप है इस दौरान कुछ लोग जबरन गाड़ी में बैठक गए।
शराब की पेशकश के साथ मजहब पर बातचीत
आफताब के रिश्तेदार तबरेज और बेटे साबिर का कहना है कि कैब में सवार हुए आरोपियों ने उनके मजहब पर बातचीत शुरू कर दी थी। आफताब को शराब की भी पेशकश करने की आवाज भी सुनाई दी। हालांकि यह सब बातें उन्होंने एफआईआर में नहीं लिखवाईं। उनका कहना है कि पुलिस ने उनसे कहा कि वह आगे इसे बयान में शामिल कर लेंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस ने जो बोला वही एफआईआर में लिखा गया।
परिजनों की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। लूट और हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की गई है। आरोपियों की तस्वीर लुहारली टोल के सीसीटीवी में कैद हुई है। उनकी पहचान व गिरफ्तारी का प्रयास जारी हैं। पड़ताल में किराये के विवाद की आदि की बात सामने आ रही है। अन्य पहलुओं से भी जांच चल रही है। रिकार्डिंग सुनी है उसकी भी जांच चल रही है। - हरीश चंदर, डीसीपी सेंट्रल नोएडा जोन