Delhi Assembly Elections : आप को घेरने की तैयारी में है कांग्रेस, बड़े नेताओं के खिलाफ उतारेगी कद्दावर नेता
कांग्रेस की योजना है कि आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल समेत उसके तमाम बड़े नेताओं के खिलाफ अपने कद्दावर चेहरों को मैदान में उतारे। कांग्रेस का उद्देश्य आप के प्रमुख नेताओं को उनके क्षेत्रों में ही व्यस्त रखना है, ताकि वे अन्य क्षेत्रों में प्रचार न कर सकें।
विस्तार
विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सीधे तौर पर आम आदमी पार्टी को घेरने की रणनीति पर काम कर रही है। कांग्रेस की योजना है कि आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल समेत उसके तमाम बड़े नेताओं के खिलाफ अपने कद्दावर चेहरों को मैदान में उतारे। कांग्रेस का उद्देश्य आप के प्रमुख नेताओं को उनके क्षेत्रों में ही व्यस्त रखना है, ताकि वे अन्य क्षेत्रों में प्रचार न कर सकें। पिछले कुछ चुनावों में उसका पारंपरिक वोट बैंक आप की ओर खिसक चुका है। कांग्रेस की रणनीति आप के प्रभाव को सीमित करने और अपने खोए हुए जनाधार को वापस पाने पर केंद्रित है।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार पार्टी के वरिष्ठ नेता संदीप दीक्षित को अरविंद केजरीवाल के खिलाफ नई दिल्ली से उतारा जा सकता है। संदीप दीक्षित के पास दिल्ली के विकास के अनुभव का मजबूत ट्रैक रिकॉर्ड है। वह 10 साल तक पूर्वी दिल्ली से सांसद रहे हैं। वहीं आप की चर्चित नेता व मुख्यमंत्री आतिशी के खिलाफ कालकाजी में महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्का लांबा को मैदान में उतारने पर विचार कर रही है। वह आप से विधायक भी रह चुकी है। जबकि पटपड़गंज में पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को घेरने के लिए कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी को चुनाव लड़वा सकती है। हालांकि वह सिसोदिया के खिलाफ पहले भी चुनाव लड़ चुके है।
दिल्ली सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज के खिलाफ कांग्रेस अपने वरिष्ठ नेता और विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष डॉ. योगानंद शास्त्री को उतार सकती है। बाबरपुर में आप के वरिष्ठ नेता और दिल्ली सरकार में मंत्री गोपाल राय को घेरने के लिए कांग्रेस युवा नेता कन्हैया कुमार को मैदान में उतारने पर विचार कर रही है। वहीं आप के मंत्री इमरान हुसैन के खिलाफ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हारून यूसुफ को चुनाव लड़ाने की योजना है। हालांकि वह दो बार बल्लीमारान इलाके में आमने-सामने चुनाव लड़ चुके है। जबकि आप ने दिल्ली सरकार में मंत्री पद के लिए नामित किए रघवेंद्र शौकीन के खिलाफ कांग्रेस अपने युवा नेता रोहित चौधरी को खड़ा करेगी।
आप के नेताओं को उनके क्षेत्रों में बांधे रखने की योजना
कांग्रेस का मुख्य उद्देश्य आप नेताओं को उनके क्षेत्रों में बांधे रखना है, ताकि वे अन्य इलाकों में प्रचार करने के लिए समय न निकाल सकें। कांग्रेस इस रणनीति से आप के प्रचार अभियान को कमजोर करने का प्रयास करेगी। उसको उम्मीद है कि यह रणनीति आप के प्रभाव को कम करेगी और कांग्रेस को फिर से दिल्ली की राजनीति में स्थापित करेगी। हालांकि, कांग्रेस को इस रणनीति को सफल बनाने के लिए बड़े पैमाने पर संगठनात्मक सुधार और जमीनी स्तर पर मेहनत करनी होगी। पार्टी का अधिकांश वोट बैंक पिछले कुछ वर्षों में आप की ओर खिसक गया है। ऐसे में कांग्रेस को जनता के बीच अपनी विश्वसनीयता फिर से स्थापित करनी होगी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.