कांग्रेस में लगी टिकट लेने वालों की कतार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बीते विधानसभा चुनाव में खराब प्रदर्शन करने वाली कांग्रेस में टिकट के दावेदारों की कमी नहीं दिख रही है। महज एक सप्ताह में कुछ सीटों पर दावेदारों की संख्या एक दर्जन से ऊपर पहुंच चुकी है।
आलम यह है कि दिल्ली विधानसभा की कुल 70 सीटों पर टिकट हासिल करने के लिए करीब तीन सौ दावेदारों ने आवेदन पत्र लिए हैं। आवेदन पत्र लेने वालों में बड़ी तादाद महिलाओं की भी है।
त्रिलोकपुरी और सीमापुरी सीट के लिए आवेदन पत्र लेने वालों की संख्या पंद्रह तक पहुंच चुकी है। अहम है कि पिछले चुनाव में भी त्रिलोकपुरी सीट पर टिकट के दावेदारों की संख्या सबसे ज्यादा थी। वहीं कुछ सीटों पर दिग्गजों ने भी आवेदन पत्र लिए हैं तो कई सीट पर बाकी दावेदारों पर नजर रख रहे हैं।
जल्द किया जाएगा प्रत्याशियों का चयन
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अरविंदर सिंह ने गत दिनों यह साफ किया था कि प्रत्याशी का चयन जल्द किया जाएगा ताकि प्रचार के लिए अधिक समय मिल सके। इसी को देखते हुए गत सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय की तरफ से आवेदन प्रक्रिया शुरू की गई है।
मंगलवार को पूर्व विधायक सुरेंद्र कुमार, जसवंत राणा, चरण सिंह कंडेरा के अलावा पचास से अधिक दावेदार आवेदन पत्र लेने पहुंचे। डीडीयू मार्ग स्थित प्रदेश कांग्रेस दफ्तर में चुनावी माहौल नजर आने लगा है। न सिर्फ कांग्रेस के पुराने नेता दिखाई दे रहे हैं बल्कि नए दावेदारों की तादाद भी अच्छी खासी दिख रही है।
चुनावी प्रक्रिया से वर्षों से जुड़े नेताओं का कहना है कि चुनावी सीजन में कुछ नेता निकल आते हैं जो कभी नहीं दिखते। उनका कहना है कि कांग्रेस का जो हाल 2013 के विधानसभा चुनाव में हुआ है उसे देखते हुए कम पकड़ रखने वाले आवेदकों को भी अवसर दिखाई दे रहा है। सूत्र बताते हैं कि 2013 के चुनाव में जिन विधायकों को बड़ी हार झेलनी पड़ी या जो प्रत्याशी तीसरे नंबर पर रहे, उनके टिकट काटे जा सकते हैं।