Delhi Election: केजरीवाल का एक और एलान,बोले- अगले पांच साल में दूर कर दूंगा सारी समस्या; सबको मिल जाएगी मुक्ति
Delhi Assembly Election 2025: केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में 1792 अनधिकृत कॉलोनियां हैं। इनमें 2015 से पहले विकास नहीं हो पा रहा था। कई अड़चनों को पार कर विकास कार्य शुरू किए गए।
विस्तार
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को प्रेसवार्ता में एक और चुनावी वादा किया। उन्होंने कहा कि राजधानी में अगले पांच साल में सीवर की समस्या पूरी तरह से दूर हो जाएगी। 10 साल में काफी क्षेत्रों में सीवर की लाइन बिछाई गई है। बचे हुए इलाकों में भी सुविधा पहुंचा दी जाएगी। सभी पुरानी पाइप लाइनों को युद्धस्तर पर बदला जाएगा।
'सीवर की समस्या है तो घबराना मत'
केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में 1792 अनधिकृत कॉलोनियां हैं। इनमें 2015 से पहले विकास नहीं हो पा रहा था। कई अड़चनों को पार कर विकास कार्य शुरू किए गए। सीवर लाइन न होने पर पानी गलियों में बहता था। 10 साल में सभी कॉलोनियों में बड़े स्तर पर सीवर लाइन डलवाई गई है। अगर आपके भी इलाके में सीवर की समस्या है तो घबराना मत। हम सरकार बनने के बाद सीवर पाइपलाइन बदल देंगे। सीवर की सफाई करवाएंगे, ताकि सभी को गंदगी से मुक्ति मिल सके।
वादे निभाने में केजरीवाल विफल, चला रहे घोटालों की सरकार : अमित शाह
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शनिवार को दिल्ली चुनाव के लिए पार्टी का संकल्प पत्र पार्ट-3 जारी करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला। शाह ने आरोप लगाया कि केजरीवाल अपने किए हुए वादों को निभाने में पूरी तरह विफल रहे हैं और घोटालों की सरकार चला रहे हैं।
केजरीवाल ने किए बड़े-बड़े वादे
केजरीवाल ने दिल्ली की जनता से बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन वे उन्हें पूरा करने में असफल रहे। सात साल में यमुना को साफ करने और उसे लंदन की टेम्स नदी जैसा बनाने का वादा किया गया था। साथ ही, उन्होंने यमुना में डुबकी लगाने की बात कही थी, लेकिन दिल्लीवासी अभी भी उनका इंतजार कर रहे हैं। केजरीवाल सरकार ने दिल्ली को प्रदूषण मुक्त करने के लिए सिर्फ प्रेसवार्ताएं कीं और कोई ठोस कदम नहीं उठाया।केजरीवाल सरकार पर शराब घोटाले का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने रिहायशी इलाकों, स्कूलों, मंदिरों और गुरुद्वारों के पास शराब की दुकानें खोलने के लाइसेंस दिए, जबकि केजरीवाल ने वादा किया था कि वे रिहायशी इलाकों से शराब की दुकानें बंद करेंगे, लेकिन इसके उलट उन्होंने हर जगह शराब की दुकानें खोल दीं। शराब घोटाले के पीछे उनके शिक्षा मंत्री का हाथ है। केजरीवाल सरकार ने राशन घोटाला, डीटीसी बस घोटाला, पैनिक बटन घोटाला, सीसीटीवी घोटाला, स्कूल क्लासरूम घोटाला और जल बोर्ड घोटाले जैसे कई बड़े भ्रष्टाचार किए। आलम यह है कि दिल्ली सरकार का अधिकांश पैसा विज्ञापनों पर खर्च हो गया, जिससे सुप्रीम कोर्ट तक को उन्हें फटकार लगानी पड़ी।
झूठे वादे कर जनता के सामने जाते हैं
गृहमंत्री ने कहा कि अरविंद केजरीवाल झूठे वादे कर भोले चेहरे के साथ जनता के सामने आते हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में इतना झूठ बोलने वाला व्यक्ति नहीं देखा। केजरीवाल सरकार सिर्फ झूठ और घोटालों की सरकार है। उन्होंने दिल्ली को दलित उपमुख्यमंत्री देने का वादा किया था, लेकिन 10 सालों में इसे कभी पूरा नहीं किया। दो बार सरकार बनाने के बाद भी केजरीवाल ने दलितों को उनके हक से वंचित रखा।
केंद्र सरकार के कार्यों पर जोर
शाह ने यह भी स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार ने दिल्ली के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने दिल्ली में मेट्रो, सड़कों और एयरपोर्ट के विस्तार के लिए कई प्रोजेक्ट पूरे किए। अगर केंद्र सरकार ने दिल्ली में काम न किया होता, तो दिल्ली की हालत बदतर हो जाती।