लॉकडाउन तोड़ने से मना किया तो दो भाइयों ने पुलिसवालों को बेरहमी से पीटा, वर्दी भी फाड़ी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शाहदरा इलाके में भीड़ लगाए कुछ युवकों को टोकना पुलिसकर्मियों को भारी पड़ गया। आरोपियों ने लातों-घूंसों से शाहदरा थाने के एक सिपाही व हवलदार पर हमला कर दिया। आरोपी भाइयों का साथ देने उनके पिता व चाचा भी आ गए।
दोनों पुलिसकर्मियों ने थाने से मदद मांगी। मौके पर पहुंचे बाकी पुलिस स्टाफ ने किसी तरह दोनों को छुड़ाया। बाद में युवक अरुण उर्फ सोनू (22) उसके पिता रघुबीर सिंह (45) और रघुबीर के छोटा भाई रामपाल (38) को गिरफ्तार कर लिया।
अरुण का बड़ा भाई विशाल मौके से फरार होने में कामयाब हो गया। पुलिस ने सभी के खिलाफ सरकारी काम में बाधा पहुंचाने और ड्यूटी के दौरान हमला करने का मामला दर्ज कर विशाल की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से मामले की जांच कर रही है।
जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शाहदरा थाने में तैनात सिपाही प्रदीप और हवलदार आकाश शुक्रवार रात को गश्त पर थे। इस बीच वह गुप्ता नर्सिंग होम के नजदीक रहमान बिल्डिंग इलाके में पहुंचे। वहां गली के कोने पर काफी लड़के खड़े थे।
प्रदीप ने सभी युवकों से वहां खड़े होने का कारण पूछा तो एक युवक प्रदीप से बदसलूकी करने लगा। वह उल्टा प्रदीप को धमकाने लगा। प्रदीप ने युवक का हाथ पकड़ा तो उसी दौरान उसके छोटे भाई अरुण ने प्रदीप पर हमला कर दिया।
हवलदार आकाश ने अरुण को पकड़ा तो इसी दौरान अरुण का पिता रघुबीर और चाचा रामपाल मौके पर पहुंच गए। इन लोगों ने आते ही दोनों पुलिसकर्मियों पर हमला कर प्रदीप की वर्दी फाड़ दी। हवलदार आकाश ने फौरन थाने से मदद मांगी।
इस बीच विशाल मौके से फरार हो गए। थाने से आए बाकी स्टॉफ ने अरुण, रघुबीर और रामपाल को काबू किया। बाद में तीनों को थाने लाया गया। तीनों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा, ड्यूटी के दौरान सरकारी कर्मचारी पर हमला व अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। अरुण पेशे से चालक है। पुलिस तीनों से पूछताछ कर विशाल की तलाश कर रही है। उसकी तलाश में शनिवार को छापेमारी की जा रही थी।