Cyber Crime : वीडियो लाइक और शेयर करने के नाम पर ठगी, चीन में बैठे हैं आका, दिल्ली में हर दिन 650 शिकायतें
साइबर ठग व्हाट्सएप, टेलीग्राम, इंस्टाग्राम और फेसबुक जैसे सोशल मीडियो प्लेटफॉर्म के जरिये भोले-भाले लोगों को वर्कफ्रॉम होम के नाम पर तीन हजार से 50 हजार रुपये हर दिन कमाने का झांसा देकर ठगी कर रहे हैं। एक बार कोई इनके जाल में फंस जाता है तो गैंग उससे मोटी रकम निवेश करवाकर इसे हड़प लेते है।
विस्तार
दिल्ली पुलिस को इन दिनों यू-ट्यूब पर वीडियो पर लाइक और शेयर करने पर नाम पर ठगी की ढेरों शिकायतें मिल रही हैं। साइबर ठग व्हाट्सएप, टेलीग्राम, इंस्टाग्राम और फेसबुक जैसे सोशल मीडियो प्लेटफॉर्म के जरिये भोले-भाले लोगों को वर्कफ्रॉम होम के नाम पर तीन हजार से 50 हजार रुपये हर दिन कमाने का झांसा देकर ठगी कर रहे हैं। एक बार कोई इनके जाल में फंस जाता है तो गैंग उससे मोटी रकम निवेश करवाकर इसे हड़प लेते है।
ज्यादातर मामलों में विदेश खासकर चीन में बैठे साइबर ठग अपने भारतीय गुर्गों की मदद से ठगी की वारदात को अंजाम देते हैं। हर दिन करोड़ों रुपये ठगने के बाद इनको क्रिप्टो और बिटकॉइन में बदलकर विदेश भेज दिया जाता है।
दिल्ली पुलिस ने पिछले दिनों कई गैंग का खुलासा किया तो पता चला कि एक दिन में एक बैंक खाते से पांच-पांच करोड़ रुपये का ट्रांजेक्शन हुआ है। इस रकम को कई अलग-अलग खातों में घुमाकर इनको बिटकॉइन और क्रिप्टो में बदलकर विदेश भेजा जा रहा है। दिल्ली पुलिस के आंकड़ों पर गौर करें तो इस साल के शुरुआती छह माह में 168.50 करोड़ रुपये की साइबर ठगी हो चुकी है। साइबर ठगी की शिकायतों को देखे तो हर दिन राजधानी दिल्ली में अलग-अलग तरह से साइबर चीटिंग की औसतन 650 शिकायतें आती हैं।
यह हैं बचाव के तरीके
- अज्ञात नंबर से आए मैसेज पर कतई रिप्लाई न करें। अंतरराष्ट्रीय नंबर से आए मैसेज से खासकर सावधान रहें
- व्हाट्सएप पर कोई ग्रुप बनाकर निवेश करने की बात करें तो नजरअंदाज करें
- किसी को अपने बैंक खाते या उससे संबंधित जानकारी न दें
यहां करें शिकायत
- ठगी होने पर नजदीकी साइबर पुलिस स्टेशन या 1930 पर शिकायत दें
- ऑनलाइन www.cyber
- crime.gov.in पर शिकायत दें
चीन, नेपाल, दुबई जा रही ठगी की रकम
दिल्ली पुलिस ने पिछले दिनों कुछ गैंग का खुलासा किया तो उनके होश उड़ गए। छानबीन में पता चला कि हर दिन कई करोड़ रुपये क्रिप्टो और बिटकॉइन में बदलकर विदेश भेजे जा रहे हैं। खासकर चीन में बैठे इन साइबर ठगों के आका इनको पूरा होमवर्क करके देते हैं। भारत में बस इनको बैंक खातों का इंतजाम करना और रुपयों को इधर से उधर करने का काम है। बदले में इन गुर्गों को मोटा कमीशन दिया जाता है।
ऐसे की जाती है ठगी
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि व्हाट्सएप, टेलीग्राम, इंस्टाग्रामा या दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिये आपको मैसेज भेजा जाता है। उसमें आपको वर्कफ्रॉम होम के नाम पर यू-ट्यूब के वीडियो लाइब और शेयर करने की बात कर हर दिन तीन से 50 हजार कमाने का लालच दिया जाता है। आपके हां करने पर आरोपी आपको वीडियो लाइक और शेयर करने के टॉस्क देते हैं। उनको पूरा करने के बाद आपको उसका स्क्रीन शार्ट आरोपियों को भेजना होता है।
बदले में वह आपके खाते में 150 रुपये से 300 पर हर टॉस्क पर दे देते हैं। धीरे-धीरे आपकी इस रकम को बढ़ा दिया जाता है। इसके बाद आपको टेलीग्राम ग्रुप से जोड़कर वहां पर छोटा-मोटा निवेश करवाया जाता है। बदले में आपको बहुत अच्छा मुनाफा दिया जाता है। धीरे-धीरे इस रकम को बढ़ाकर मोटी रकम निवेश करवाई जाती है। मोटी रकम निवेश करवाने के बाद आरोपी आपको ग्रुप से निकालकर आपका नंबर ब्लॉक कर देते हैं।