महिला का रौद्र रूप देखकर फुर्र हो गए बदमाश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली के तिलक नगर इलाके में एक महिला के साहस के आगे चार बदमाशों के पसीने छूट गए। हथियारों से लैस लुटेरों ने महिला का रौद्र रूप देखकर वहां से भागना ही बेहतर समझा, लेकिन महिला यहीं नहीं रुकी। उसने पीछा कर पड़ोसियों की मदद से दो बदमाशों को दबोच लिया। इनके पास से एक कट्टा, दो कारतूस, एक खिलौने वाली पिस्टल, एक चाकू और छुरा मिला है।
जानकारी के मुताबिक, नेहरू प्लेस में कंप्यूटर की दुकान करने वाले उमेश बत्रा सपरिवार तिलक नगर के चौखंडी स्थित डीडीए फ्लैट में पहली मंजिल पर रहते हैं। उनकी पत्नी एकता बृहस्पतिवार रात अपनी सास, ननद और दो बच्चों के साथ घर पर थीं। रात करीब सवा आठ बजे एक युवक सीढ़ियों से गेट पर आया। उसके पीछे तीन अन्य युवक भी थे।
एकता ने युवक से पूछा कि किससे मिलना है तो उसने कहा कि उनसे ही मिलने आया है और पिस्टल निकालकर उनको कब्जे में करने की कोशिश की। एकता ने डरने की बजाय हिम्मत दिखाते हुए युवक के हाथ से पिस्टल छीन ली और पैर से जोर से धक्का दे दिया। हमले से युवक खुद को बचा नहीं पाया और सीढ़ियों पर गिर गया।
पीछे खड़े तीन साथी भी सीढ़ियों से गिरे
महिला के लात मारने से गिरे बदमाश की वजह से उसके पीछे खड़े सभी बदमाश भी सीढ़ियों पर गिर गए। एकता के चिल्लाने पर बदमाश घबरा गए और उन्होंने भागना मुनासिब समझा।
बदमाशों
को भागते देख एकता का हौसला और बढ़ गया। घर में मौजूद सास और ननद कुछ समझ
पातीं, इससे पहले एकता चोर-चोर की आवाज लगाते हुए बदमाशों के पीछे भागीं।
शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए और दो बदमाश देवेंद्र साहू (20) और संतोष
(22) को दबोच कर पुलिस के हवाले कर दिया। भागने वाले बदमाशों की पहचान
मुकेश और शिवम के रूप में हुई है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
बच्चों की सुरक्षा के ख्याल ने बढ़ाया हौसला
बदमाशों के हाथ में पिस्टल देखने पर एकता को उस वक्त बच्चों की सुरक्षा का ख्याल आया। बच्चों के जान को खतरे के डर ने उनकी हिम्मत बढ़ा दी और वो दुगनी ताकत के साथ बदमाशों पर टूट पड़ीं।
एकता बताती हैं कि जब उन्होंने बदमाशों के हाथ में हथियार देखे, तो उनके मन में एक ही ख्याल आया कि अगर वे घर के अंदर घुस गए तो कुछ भी अनहोनी हो सकती है। इसी ख्याल से उनका हौसला बुलंद हो गया और उन्होंने बदमाशों को सबक सिखाने का मन बना लिया।
पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने में मदद
करने वाली एकता बत्रा के जज्बे को सलाम किया है। पश्चिम जिला पुलिस
उपायुक्त रणवीर सिंह ने एकता को पांच हजार रुपये इनाम में देने की घोषणा की
है। पुलिस उपायुक्त ने माना कि एकता ने जान पर खेलकर बदमाशों को पकड़ने का
साहस दिखाया है और एक बड़ी वारदात होने से बचाया है।
आर्थिक तंगी से दिया वारदात को अंजाम
पूछताछ में पकड़े गए देवेंद्र साहू
ने पुलिस को बताया कि आर्र्थिक तंगी की वजह से वह अपराध करने लगा। मूल रूप
से एटा निवासी देवेंद्र ने बताया कि वह चौखंडी में अपने एक रिश्तेदार के
घर रहता है और हलवाई की दुकान पर काम करता है।
वहीं, कासगंज यूपी का रहने
वाला संतोष संगम विहार में बिजली मिस्त्री का काम करता है। अपने रिश्तेदार
से मिलने आए देवेंद्र से उसकी मुलाकात हुई और फिर वे लूटपाट करने लगे।