घर में घुसकर तीन लोगों पर चाकू से हमला, युवती की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
डाबड़ी इलाके में मंगलवार सुबह एक युवक ने पड़ोसी के घर में घुसकर परिवार के सदस्यों पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। घटना में एक महिला, उसकी बेटी और बेटा जख्मी हो गए। तीनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित कर दिया।
शोर सुनकर वहां पहुंचे लोगों ने आरोपी को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी ने बताया कि युवती का भाई उसकी पत्नी को अक्सर परेशान करता था। वह हत्या करने के मकसद से घर गया था। पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है।
जिला पुलिस उपायुक्त सुरेंद्र कुमार ने बताया कि मरने वाली युवती की पहचान ज्योति (23) के रूप में हुई है। उसकी मां राजबाला और भाई नितिन का इलाज चल रहा है। आरोपी की पहचान सुमित के रूप में हुई है।
सुमित गुस्से में आ गया और चाकू से हमला कर दिया
पुलिस के अनुसार, ज्योति अपनी मां राजबाला और भाई नितिन के साथ राजापुरी इलाके में रहती थी। वह डीयू से स्नातक कर चुकी थी। उसका भाई नितिन मोबाइल की दुकान चलाता है। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे नितिन का पड़ोसी सुमित उसके घर के बाहर पहुंचा और नितिन को आवाज लगाने लगा।
उस समय नितिन पहली मंजिल पर था, जबकि उसकी मां और बहन भूतल स्थित कमरे में थी। ज्योति आवाज सुनकर बाहर निकली। उसने सुमित के हाथ में चाकू देखा। उसने सुमित से घर आने का कारण पूछा।
इसी दौरान नितिन नीचे आ गया। नितिन को देखकर सुमित गुस्से में आ गया और चाकू से हमला कर दिया। इसी दौरान बीच में आने से चाकू ज्योति के सीने में लग गया। फिर सुमित ने नितिन और उसकी मां पर भी चाकू से हमला कर वहां से भागने की कोशिश की। चीख सुनकर आस-पास के लोग पहुंच गए और सुमित को काबू में कर लिया।